विज्ञापन
This Article is From May 25, 2026

वरुण धवन की है जवानी तो इश्क होना है में सिफारिश से हुई इस एक्टर की एंट्री, सतीश शाह ने की थी बात

'है जवानी तो इश्क होना है' का ट्रेलर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें मौनी रॉय के वरुण धवन की मां बनने से लेकर सतीश शाह की सिफारिश पर एक्टर की एंट्री की चर्चा हो रही है.  

वरुण धवन की है जवानी तो इश्क होना है में सिफारिश से हुई इस एक्टर की एंट्री, सतीश शाह ने की थी बात
है जवानी तो इश्क होना है की हो रही खूब चर्चा
नई दिल्ली:

है जवानी तो इश्क होना है फिल्म इन दिनों चर्चा में हैं, जिसमें वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं. वहीं हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जब रिलीज किया गया तो उसमें 40 साल की मौनी रॉय 39 के वरुण धवन की मां का किरदार निभाती हुईं नजर आईं. इसके कारण वह काफी ट्रोल भी हो रही हैं. वहीं फिल्म चर्चा में आ गईं. लेकिन अब एक और खुलासा हुआ है कि इस फिल्म में एक एक्टर हैं, जिनको सिफारिश पर कास्ट किया गया है. इसका खुलासा है जवानी तो इश्क होना है के ट्रेलर लॉन्च पर हुआ. हालांकि यह वरुण धवन, मौनी रॉय, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े नहीं बल्कि एक्टर राजेश कुमार हैं, जिनकी सिफारिश सतीश शाह ने की थी. 

सतीश  शाह ने की थी सिफारिश 

मशहूर एक्टर राजेश कुमार और दिवंगत अभिनेता सतीश शाह ने लंबे समय तक साथ काम किया और एक-दूसरे के बेहद करीब रहे. हाल ही में राजेश कुमार ने अपनी आने वाली फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर ऐसी बात बताई, जिसने सभी को भावुक कर दिया. राजेश ने बताया कि यह फिल्म हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी, क्योंकि इस फिल्म के लिए उनकी सिफारिश खुद सतीश शाह ने की थी. अभिनेता ने कहा कि वह इसे सतीश शाह की आखिरी सिफारिश मानते हैं और यही वजह है कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास बन गई है. 

ये भी पढे़ं- 'कैमरे के सामने बोल देने से सच नहीं बदलता', प्रोड्यूसर्स के बीच जंग, वाशु भगनानी ने कहा- चुप्पी बनाए रखी

सिफारिश से मिली थी राजेश कुमार को ये फिल्म

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान राजेश कुमार ने पूरा किस्सा विस्तार से साझा किया. उन्होंने कहा, ''जब फिल्म की कास्टिंग चल रही थी, तब मुझे कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का फोन आया. इसके बाद मेरी बातचीत निर्देशक डेविड धवन से हुई. उस समय मैं भारत से बाहर था, लेकिन डेविड धवन मुझसे मिलने के लिए करीब 25 दिनों तक इंतजार करते रहे. यह बात मुझे अंदर तक छू गई कि इतने बड़े निर्देशक ने मुझसे मिलने और बात करने के लिए इतना समय दिया.''

पुराने दोस्त थे सतीश शाह और डेविड धवन

राजेश कुमार ने आगे कहा, "डेविड धवन और सतीश शाह बहुत पुराने दोस्त थे. दोनों एक ही बैच में पढ़े थे, और उनके बीच गहरी दोस्ती थी. जब डेविड धवन अपनी फिल्म के लिए कलाकारों का चयन कर रहे थे, तब उन्होंने सतीश शाह से मेरे बारे में पूछा कि राजेश किस तरह के अभिनेता हैं और क्या वह इस फिल्म के लिए सही रहेंगे. इस पर सतीश शाह ने मेरा नाम सुझाया और मेरी खूब तारीफ की.''

राजेश कुमार ने कहा- वह मजाकिया स्वभाव के थे

राजेश कुमार ने कहा, ''मुझे लगता है कि सतीश शाह आज भी इस फिल्म को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं. वह हमेशा दूसरों को आगे बढ़ाने वाले इंसान थे. वह मजाकिया स्वभाव के थे और सेट पर हर किसी को हंसाते रहते थे. उनके साथ काम करना हमेशा एक सीख जैसा होता था. उनके जैसे कलाकार बहुत कम होते हैं, जो अपने अनुभव से दूसरों को प्रेरित करते हैं.'' बता दें कि सतीश शाह का निधन 25 अक्टूबर 2025 को 74 साल की उम्र में हुआ था. उनके निधन की खबर ने पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया था. 

ये भी पढे़ं- 27 करोड़ का घाटा, फिर भी वरुण धवन ने एक बार नहीं पूछा, प्रोड्यूसर का छलका दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai, Mouni Roy, Varun Dhawan, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com