साल 2026 खत्म होने वाला है और इस साल फिल्मों की दुनिया में एक दिलचस्प बदलाव देखने को मिला. कुछ फिल्में ऐसी रहीं जिन्हें सिनेमाघरों में दर्शकों का इंतजार रहा लेकिन वे कमाई के मामले में पीछे रह गईं. वहीं जब यही फिल्में ओटीटी पर आईं तो दर्शकों ने इन्हें खूब देखा. इनमें से एक तो ऐसी थी जो कि फ्लॉप मानी जा चुकी थी लेकिन ओटीटी पर इसे खूब दर्शक मिले. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वह इस लिस्ट में पहले नंबर पर है.
हक:- यामी गौतम और इमरान हाशमी की फिल्म 'हक' नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी शाह बानो केस से इंस्पायर्ड थी. इसमें यामी ने शाजिया बानो नाम की महिला का किरदार निभाया, जो पति से अलग होने के बाद अपने और बच्चों के हक के लिए कानूनी लड़ाई लड़ती है. इमरान हाशमी ने उनके पति अब्बास खान का किरदार निभाया था. फिल्म को कहानी और कलाकारों के काम को अच्छी तारीफ मिली थी, लेकिन सिनेमाघरों में इसकी कमाई करीब 20 करोड़ रुपए तक रही. इसके बाद 2 जनवरी 2026 को यह नेटफ्लिक्स पर आई और इसमें जबरदस्त बदलाव देखने को मिला. नेटफ्लिक्स के वीकली आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने चार हफ्तों में 11.3 मिलियन व्यूज हासिल किए. इसकी कहानी भारत के साथ पाकिस्तान और नाइजीरिया में भी लोगों तक पहुंची.

दे दे प्यार दे 2:- अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह और आर माधवन की फिल्म 'दे दे प्यार दे 2' भी ओटीटी पर काफी चर्चा में रही. इसका डायरेक्शन अंशुल शर्मा ने किया. यह फिल्म नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. कहानी में आशीष मेहरा यानी अजय देवगन अपनी गर्लफ्रेंड आयशा यानी रकुल प्रीत सिंह के परिवार से मिलने पहुंचते हैं. आयशा के पिता राजीव यानी आर माधवन इस रिश्ते के खिलाफ होते हैं, क्योंकि दोनों की उम्र में काफी अंतर है. इसके बाद परिवार के बीच मजेदार बहस और कई उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं. फिल्म का सिनेमाघरों में प्रदर्शन औसत रहा. लेकिन नेटफ्लिक्स पर आने के बाद फिल्म ने तीन हफ्तों में 7.7 मिलियन व्यूज हासिल किए. इस तरह फिल्म को ओटीटी पर भी अच्छा दर्शक वर्ग मिला.

वॉर 2:- ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की फिल्म 'वॉर 2' भी इस साल की ऐसी फिल्मों में शामिल रही जिसने सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं की. अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म में कियारा आडवाणी भी अहम भूमिका में थीं. फिल्म में ऋतिक ने कबीर और जूनियर एनटीआर ने विक्रम का किरदार निभाया था. बड़े बजट (करीब 400 करोड़), शानदार एक्शन और दो बड़े सितारों के बावजूद फिल्म दर्शकों को पूरी तरह पसंद नहीं आई. दुनियाभर में महज 303 करोड़ रुपए कमाने के बाद भी इसे फ्लॉप का सामना करना पड़ा. इसके बाद नेटफ्लिक्स पर फिल्म को दर्शकों का अच्छा साथ मिला. वीकली आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने ओटीटी पर 6.9 मिलियन यानी 69 लाख व्यूज हासिल किए. इससे साफ हुआ कि सिनेमाघरों में फिल्म को देखने से चूकने वाले दर्शकों ने घर बैठे इसे देखना पसंद किया.

'द राजा साब':- प्रभास की फिल्म 'द राजा साब' 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसका निर्देशन मारुति ने किया था. इसमें प्रभास के साथ संजय दत्त, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन और रिद्धि कुमार नजर आए थे. बड़े बजट और प्रभास की लोकप्रियता के चलते फिल्म को लेकर खूब चर्चा थी, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म नहीं कर पाई. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 208 करोड़ रुपए का कारोबार किया. इसके बाद फिल्म जियोहॉटस्टार पर रिलीज हुई और यहां इसकी किस्मत बदल गई. फिल्म को ओटीटी पर शुरुआत में ही 1.75 करोड़ दर्शक मिले.

दायरा:- करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'दायरा' थिएटर में उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म नहीं कर पाई. मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 5 करोड़ रुपए रहा. इसके बाद 13 नवंबर को यह नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई. ओटीटी पर आते ही फिल्म ने अच्छी शुरुआत की. नेटफ्लिक्स के 9 से 15 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म को अपने पहले हफ्ते में 32 लाख व्यूज मिले और यह दुनियाभर की टॉप 10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की लिस्ट में आठवें नंबर पर रही. फिल्म ने भारत के साथ मॉरीशस, बांग्लादेश, पाकिस्तान, कतर और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों में भी टॉप ट्रेंडिंग फिल्मों में जगह बनाई.

दो दीवाने सहर में:- सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की रोमांटिक फिल्म 'दो दीवाने सहर में' भी सिनेमाघरों में खास कमाल नहीं दिखा पाई. 20 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन रवि उदयवार ने किया था, जबकि संजय लीला भंसाली इसके निर्माताओं में शामिल थे. फिल्म में दो ऐसे युवाओं की कहानी दिखाई गई, जो अपनी कमियों और असुरक्षाओं के बीच एक-दूसरे के करीब आते हैं. शानदार स्टारकास्ट और रोमांटिक कहानी के बावजूद फिल्म को थिएटर में दर्शक नहीं मिले. इसका भारत में नेट कलेक्शन करीब 6.60 करोड़ रुपए रहा. बाद में फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई और वहां शुरुआत के छह महीनों में ही फिल्म को दुनियाभर में करीब 73 लाख व्यूज मिले.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं