विज्ञापन

सौतेली मां ने बहू का जीना किया दुश्वार, पति भी बना मां का गुलाम, 10 में से 9 गानों में अनुराधा पौडवाल ने घोली मिठास, सभी के सभी सुपरहिट

सौतेली मां और बहू की इस टक्कर वाली फिल्म की कहानी जितनी हिट हुई, उससे कहीं ज्यादा चर्चा इसके उन गानों की हुई, जिनमें 9 बार गूंजी अनुराधा पौडवाल की आवाज.

सौतेली मां ने बहू का जीना किया दुश्वार, पति भी बना मां का गुलाम, 10 में से 9 गानों में अनुराधा पौडवाल ने घोली मिठास, सभी के सभी सुपरहिट
बेटा माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की सुपरहिट फिल्म है

90 के दशक की शुरुआत में आई ‘बेटा' ऐसी पारिवारिक फिल्म थी, जिसमें रिश्तों की मिठास के साथ घर के अंदर चल रही साजिश भी दिखाई गई थी. फिल्म में अनिल कपूर ने मां के बेहद करीब रहने वाले राजू का किरदार निभाया था, जबकि अरुणा ईरानी उनकी सौतेली मां बनी थीं. शादी के बाद माधुरी दीक्षित की एंट्री होती है और उन्हें अपनी सास की असलियत समझ आने लगती है. फिल्म की कहानी जितनी चर्चित हुई, इसका संगीत भी उतना ही लोकप्रिय हुआ. खास बात यह है कि फिल्म के 10 गानों वाले एल्बम में से 9 गानों में अनुराधा पौडवाल की आवाज थी. इनमें ‘धक धक करने लगा' से लेकर ‘कोयल सी तेरी बोली' तक कई गीत आज भी सुने जाते हैं. 

सौतेली मां के प्यार में अंधा था बेटा

साल 1992 में रिलीज हुई ‘बेटा' का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया था. फिल्म में अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित और अरुणा ईरानी मुख्य भूमिकाओं में थे. कहानी राजू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी सौतेली मां लक्ष्मी को ही अपनी दुनिया मानता है. लक्ष्मी उसे पढ़ने-लिखने से दूर रखती है, ताकि वह अपने अधिकारों और संपत्ति के बारे में कुछ न जान सके. शादी के बाद सरस्वती यानी माधुरी दीक्षित को अपनी सास के इरादों का पता चलता है. वह अपने पति को सच बताने की कोशिश करती है, लेकिन राजू अपनी मां पर इतना भरोसा करता है कि पत्नी की बात मानने को तैयार नहीं होता. इसी टकराव से फिल्म का असली ड्रामा शुरू होता है.

ये Video भी देखें: Haiwaan Review: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी का कमाल या निराशा?

10 में से 9 गानों में सुनाई दी अनुराधा पौडवाल की आवाज

‘बेटा' का म्यूजिक एल्बम भी फिल्म की बड़ी ताकत था. एल्बम में कुल 10 गाने हैं और इनमें से 9 गानों में अनुराधा पौडवाल की आवाज शामिल है. सिर्फ ‘भूल तो मां से' ऐसा गीत है, जिसे उदित नारायण ने गाया है. एल्बम के बाकी गीतों में अनुराधा ने उदित नारायण, पंकज उधास, विपिन सचदेवा, बबला मेहता और अन्य गायकों के साथ आवाज मिलाई. 

इन गानों में ‘धक धक करने लगा', ‘कोयल सी तेरी बोली', ‘सैंया जी से छुपके', ‘सजना मैं तेरी तू मेरा', ‘कितना प्यारा ये चेहरा' और ‘खुशियों का दिन आया है' जैसे गीत शामिल थे. ‘धक धक करने लगा' तो इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी 90 के दशक के सबसे यादगार रोमांटिक गानों में इसकी गिनती होती है. इस गीत के लिए अनुराधा पौडवाल को फिल्मफेयर का बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर अवॉर्ड भी मिला था. 

‘धक धक' ने माधुरी को बनाया ‘धक-धक गर्ल', फिल्म ने जीते 5 फिल्मफेयर

‘बेटा' के गाने सिर्फ लोकप्रिय नहीं हुए, बल्कि फिल्म के साथ कलाकारों की पहचान का हिस्सा भी बन गए. खासकर ‘धक धक करने लगा' में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस गाने की कोरियोग्राफी सरोज खान ने की थी और उन्हें भी इसके लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. फिल्म ने 38वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में कुल 5 पुरस्कार जीते. अनिल कपूर को बेस्ट एक्टर, माधुरी दीक्षित को बेस्ट एक्ट्रेस और अरुणा ईरानी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला. अनुराधा पौडवाल को ‘धक धक करने लगा' के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर और सरोज खान को बेस्ट कोरियोग्राफर का पुरस्कार मिला. 

दिलचस्प बात यह भी है कि ‘बेटा' 1987 की तमिल फिल्म ‘Enga Chinna Rasa' का रीमेक थी. फिल्म की कहानी में सौतेली मां और बहू के बीच टकराव को केंद्र में रखा गया था, लेकिन इसके गानों ने फिल्म को एक अलग पहचान दी. आज भी जब ‘धक धक करने लगा' या ‘कोयल सी तेरी बोली' जैसे गीत बजते हैं, तो 90 के दशक का वही दौर और माधुरी-अनिल की जोड़ी याद आ जाती है. 

यह भी पढ़ें: करीना कपूर का फेवरेट है अलका याग्निक का गाया 25 साल पुराना ये गाना, कहा था- 'कभी भी और कहीं भी सुन सकती हूं'
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhuri Dixit, Beta 1992, Anil Kapoor, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com