एनडीटीवी युवा समिट 2026 का आगाज हो चुका है, जिसमें खेल जगत से लेकर बॉलीवुड के जाने माने सितारे नजर आ रहे हैं. वहीं एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी भी इस इवेंट का हिस्सा बनीं, जो इन दिनों मिर्जापुर द मूवी को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल, मिर्जापुर सीरीज पर बनीं फिल्म मिर्जापुर द मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए धुरंधर 2 और हनुमान अंश के बाद 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की लिस्ट में नाम शामिल हो गई थी. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 300 करोड़ की कमाई हासिल कर ली है. इसी पर एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी ने NDTV YUVA 2026 के मंच पर बात की और अपने गोलू गुप्ता के किरदार के बारे में बताया. वहीं प्राइम वीडियो की सीरीज मिर्जापुर के चौथे सीजन के आने की डिटेल को कंफर्म किया.
श्वेता त्रिपाठी ने क्या कहा-
NDTV युवा 2026 में श्वेता त्रिपाठी ने गोलू गुप्ता के किरदार के बारे में कहा, "वह सबसे मजबूत लड़की है जिसे मैं जानती हूं. उसके साथ रहकर मैं भी बहुत बदली हूं." वहीं एक्ट्रेस ने मिर्जापुर सीरीज के चौथे सीजन को कंफर्म करते हुए कहा- लिखाई चालू है. मिर्ज़ापुर सीज़न 4 की स्क्रिप्टिंग चल रही है. हम एक्टर्स भी इसके फैन हैं. हम भी अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. 'मिर्जापुर द मूवी' में जो कुछ भी हुआ है, वह सब सीजन 1 से जुड़ा है. इसलिए जब सीजन 4 की बात आएगी, तो यह सब भूल जाना होगा. मिर्जापुर हमारे लिए अब तक का सबसे बेहतरीन इन्वेस्टमेंट रहा है. यह एक ऐसा प्रोजेक्ट है जो लगातार कुछ न कुछ देता रहता है. गोलू का सफर अभी मेरे लिए खत्म नहीं हुआ है."
युवाओं के लिए श्वेता त्रिपाठी का मैसेज
श्वेता त्रिपाठी ने युवाओं को मैसेज देते हुए कहा, "अगर कोई बात आपको परेशान कर रही है, तो उसे मानना और स्वीकार करना जरूरी है. अपनी बात खुलकर कहना बहुत जरूरी है, चाहे वह सेट पर हो, ऑफिस में हो या किसी संस्थान में... 'मिर्जापुर' पर काम करना एक शानदार सफर रहा है. आप साथ-साथ आगे बढ़ते हैं और साथ-साथ सीखते हैं. तुलना करना और दूसरों को जज करना, ये दो चीजें मुझे बहुत उबाऊ लगती हैं. ऐसे लोगों के साथ रहें जो आपका हौसला बढ़ाएं."
श्वेता त्रिपाठी ने 'धीमे चलने' का समर्थन करते हुए कहा, "पहले हम बहुत ज्यादा काम करने को अच्छा मानते थे. अच्छी बात है कि अब लोग फिर से आराम से जीने की ओर लौट रहे हैं. अपनी एनर्जी को रिचार्ज करते रहें. मैं 'रिम ऑफ' नाम की ब्रीदिंग टेक्निक अपनाती हूं और अपने 'मॉर्निंग पेजेज' लिखती हूं.अच्छी आदतें अपनाएं."
ये भी पढे़ं- NDTV YUVA 2026: कैटरीना कैफ के पोस्टपार्टम वेट पर ट्रोल होने पर शोभिता धुलिपाला ने कहा- कोई एक तय नियम नहीं है
मिर्जापुर द फिल्म के बारे में
बता दें कि 'मिर्जापुर: द फिल्म' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है. रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के सह-निर्माता हैं. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर और हर्षिता गौर जैसे पुराने कलाकार अपने चर्चित किरदारों में लौटेंगे. वहीं जितेंद्र कुमार और रवि किशन जैसे नए कलाकार भी कहानी का हिस्सा होंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं