लालू प्रसाद यादव के सुपुत्र तेज प्रताप यादव इन दिनों राजनीति से ज्यादा अपने अलग अंदाज और बेबाक बातचीत को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं. जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो भोजपुरी बवाल में उनका यह अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है. कभी बांसुरी बजाते तो कभी अपनी मजेदार बातों से माहौल में रंग भरते तेज प्रताप शो में लगातार लाइमलाइट में बने हुए हैं. अब उनकी मल्लिका शेरावत के साथ बातचीत भी चर्चा का विषय बन गई है. शो में दोनों के बीच की केमिस्ट्री और मस्ती भरी बातचीत ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. इसी दौरान मल्लिका ने तेज प्रताप से एक ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसका जवाब सुनकर वह खुद भी इंप्रेस नजर आईं. सवाल था कि अगर तेज प्रताप को सिर्फ एक दिन के लिए देश का प्रधानमंत्री बनने का मौका मिले, तो वह सबसे पहले क्या बदलेंगे?
पीएम बनकर ये काम करेंगे तेज प्रताप
शो में मल्लिका शेरावत ने तेज प्रताप से पूछा कि अगर उन्हें एक दिन के लिए प्रधानमंत्री बना दिया जाए, तो देश में सबसे पहले कौन-सा बदलाव लाना चाहेंगे. इस पर तेज प्रताप ने कहा कि वह सबसे पहले कलाकारों के लिए बदलाव करना चाहेंगे. उन्होंने बिहार में फिल्म सिटी बनाने की इच्छा जताई. तेज प्रताप ने कहा कि मुंबई में फिल्म सिटी मौजूद है और वह कोशिश करेंगे कि बिहार में भी इसी तरह की फिल्म सिटी बनाई जाए. इसके साथ ही उन्होंने फिल्मों को सब्सिडी दिए जाने की जरूरत भी बताई. तेज प्रताप की इन बातों से मल्लिका सहमत नजर आईं और उनका रिएक्शन भी देखने लायक था. इस बातचीत के दौरान तेज प्रताप का बेफिक्र और हाजिरजवाब अंदाज मल्लिका को काफी पसंद आया.
भोजपुरी बवाल में छाए हुए हैं तेज प्रताप
तेज प्रताप शो में इससे पहले अभिनेत्री काजल राघवानी के साथ अपनी फ्लर्टी बातचीत को लेकर भी चर्चा में रह चुके हैं. उन्होंने काजल को वृंदावन की सैर भी कराई थी. रियलिटी शो में तेज प्रताप अपनी पर्सनल लाइफ, परिवार और राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर बात करते नजर आते हैं. वह अपने माता-पिता से अलग होने के दर्द का भी जिक्र कर चुके हैं. इसके अलावा तेज प्रताप का पत्नी के साथ तलाक का मामला चल रहा है. राजनीतिक मोर्चे पर भी उन्होंने आरजेडी से अलग होकर अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाई है. ऐसे में भोजपुरी बवाल उनके लिए राजनीति से इतर अपना एक अलग और बेबाक अंदाज दिखाने का मंच बन गया है.
ये भी पढ़ें: 2 अक्टूबर 2026 को क्या करेगा विजय सालगांवकर और उसका परिवार, यहां से शुरू होगी दृश्यम 3 की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं