‘मालामाल वीकली 2' को लेकर इन दिनों चर्चाओं का बाजार गर्म है. साल 2006 में रिलीज हुई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली' के सीक्वल को लेकर लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं. हाल ही में फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर NDTV ने बड़ा खुलासा किया था. अब फिल्म के निर्माता सुभाष काले ने NDTV से खास बातचीत में फिल्म को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुहर लगाई है. सुभाष काले ने बताया कि फिल्म की कास्ट को लेकर सामने आईं सभी खबरें सही हैं और जिन कलाकारों के नाम चर्चा में हैं, वे फिल्म का हिस्सा होंगे. इनमें रवीना टंडन, परेश रावल, फरदीन खान, राजपाल यादव और शिल्पा शिरोडकर जैसे कलाकारों के नाम शामिल हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ कलाकारों के साथ अभी पेपरवर्क पूरा होना बाकी है.
जहां तक रितेश देशमुख की बात है, सुभाष काले ने बताया कि रितेश फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं और जल्द ही इस पर अपना फैसला लेंगे. यानी उनकी एंट्री को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर अंतिम फैसला होना बाकी है.
नवंबर से शुरू होगी शूटिंग
फिल्म की शूटिंग को लेकर भी सुभाष काले ने अहम जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ‘मालामाल वीकली 2' नवंबर से फ्लोर पर जाएगी और फिलहाल फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम जोर-शोर से चल रहा है.
फिल्म को बड़े पैमाने पर शूट करने की तैयारी है. सुभाष काले के मुताबिक, ‘मालामाल वीकली 2' की शूटिंग कई अलग-अलग लोकेशंस पर की जाएगी. इनमें कारगिल वैली, कांगड़ा वैली, अबू धाबी, उरी और पठानकोट जैसी जगहें शामिल हैं. इन लोकेशंस के जरिए फिल्म को पहले भाग की तुलना में बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी है.
सुभाष काले और एस. चंद्रप्रकाश जैन की साझेदारी
‘मालामाल वीकली 2' के लिए निर्माता सुभाष काले की कैमरा टेक फिल्म्स ने एस. चंद्रप्रकाश जैन के साथ हाथ मिलाया है. एस. चंद्रप्रकाश जैन 900 से ज्यादा फिल्मों के फाइनेंसर रह चुके हैं और कई बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं. इनमें विजय थलपति स्टारर ‘थलाइवा' जैसी फिल्म भी शामिल है.
वहीं सुभाष काले की कंपनियां ‘पद्मावत', ‘स्त्री', ‘भूल भुलैया 2', ‘शैतान' और ‘खेल खेल में' जैसी फिल्मों के पोस्ट-प्रोडक्शन, वीएफएक्स, कैमरा और लाइन-प्रोडक्शन से जुड़ी सेवाएं दे चुकी हैं. ऐसे में दोनों की साझेदारी फिल्म के बड़े स्तर पर निर्माण की ओर इशारा करती है.
सुभाष काले के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उनकी लाइन-अप में नाना पाटेकर के साथ ‘द कन्फेशन', अक्षय कुमार के साथ ‘भागम भाग 2' और सिद्धांत चतुर्वेदी व तमन्ना भाटिया स्टारर वी. शांताराम की बायोपिक शामिल है.
अमित जोशी करेंगे ‘मालामाल वीकली 2' का निर्देशन
‘मालामाल वीकली 2' का निर्देशन अमित जोशी कर रहे हैं. अमित जोशी इससे पहले शाहिद कपूर और कृति सेनन स्टारर ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' का निर्देशन कर चुके हैं. अब वह ‘मालामाल वीकली' की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे.
ये भी पढ़ें: अच्छी कहानी और कास्ट के बावजूद अपने नाम की वजह से फ्लॉप हो गई थी ये फिल्म, अमिताभ बच्चन को ऑफर हुआ था लीड रोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं