विज्ञापन

मलाइका का 27 साल पुराना कल्ट राजस्थानी गाना, गरबा नाइट्स में लड़कियां खूब करती हैं डांस, नवरात्रि में हर पंडाल में गूंजती है शुभा मुद्गल की आवाज

नवरात्रि की गरबा नाइट्स में कुछ गानों का क्रेज सालों बाद भी कम नहीं हुआ है. मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान पर फिल्माया गया 27 साल पुराना यह गीत आज भी अपनी जोशीली धुन और शुभा मुद्गल की दमदार आवाज से लोगों को थिरकने पर मजबूर कर देता है.

मलाइका का 27 साल पुराना कल्ट राजस्थानी गाना, गरबा नाइट्स में लड़कियां खूब करती हैं डांस, नवरात्रि में हर पंडाल में गूंजती है शुभा मुद्गल की आवाज
मलाइका अरोड़ा का यह गाना हर गरबा नाइट्स की जान

शारदीय नवरात्रि आते ही देशभर में गरबा और डांडिया की धूम शुरू हो जाती है. रंग-बिरंगे कपड़े, ढोल की थाप और थिरकते कदमों के बीच कुछ गाने ऐसे हैं, जिनके बिना गरबा नाइट्स अधूरी लगती हैं. बॉलीवुड के कई गाने इस मौके पर खूब बजाए जाते हैं, लेकिन एक ऐसा गीत भी है जो पिछले 27 सालों से लोगों को नाचने पर मजबूर कर रहा है. खास बात यह है कि इस गाने में मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली थी. वहीं, गायिका शुभा मुद्गल की दमदार आवाज ने इसे यादगार बना दिया.

राजस्थानी रंग में रंगा है यह सुपरहिट गाना

जिस गाने की बात हो रही है, उसका नाम ‘रंगीलो मारो ढोलना' (Rangilo Maro Dholna) है. यह किसी फिल्म का गाना नहीं, बल्कि ‘प्यार का गीत' नाम के म्यूजिक एल्बम का हिस्सा था. राजस्थानी अंदाज में तैयार किए गए इस गीत में लोक संगीत की मिठास के साथ जबरदस्त एनर्जी भी सुनने को मिलती है. इस गाने की खासियत इसकी तेज धुन और दमदार गायकी है. जैसे ही इसके बोल और संगीत सुनाई देते हैं, लोगों के पैर अपने आप थिरकने लगते हैं. यही वजह है कि सालों बाद भी यह गाना गरबा और डांडिया के कार्यक्रमों में खूब पसंद किया जाता है.

अरबाज-मलाइका की केमिस्ट्री ने खींचा था ध्यान

‘रंगीलो मारो ढोलना' के म्यूजिक वीडियो में मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान साथ नजर आए थे. दोनों की केमिस्ट्री ने गाने को खास बना दिया था. उस दौर में दोनों पति-पत्नी थे और पर्दे पर उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था.

इस गाने में सिर्फ डांस और संगीत ही नहीं, बल्कि एक पत्नी के मन की भावनाएं भी दिखाई गई थीं. कहानी एक ऐसी महिला की है, जो अपने पति के सुरक्षित घर लौटने का इंतजार कर रही है. उसका पति सैनिक है और युद्ध से उसकी वापसी की उम्मीद में पत्नी का दिल बेचैन है. पति से मिलने की खुशी और उसके लिए तड़प, दोनों भावनाएं इस गीत में नजर आती हैं.

शुभा मुद्गल की आवाज ने गाने में भर दी थी जान

इस गीत को यादगार बनाने में गायिका शुभा मुद्गल का बड़ा योगदान रहा. उनकी दमदार आवाज और गाने को पेश करने के अंदाज ने इसकी ऊर्जा को और बढ़ा दिया. राजस्थानी लोक संगीत की झलक के साथ उनकी गायकी ने इस गीत को एक अलग पहचान दी. वहीं, गाने का संगीत संदेश शांडिल्य ने तैयार किया था. शानदार संगीत, जोशीली धुन और मलाइका-अरबाज की मौजूदगी ने मिलकर इसे ऐसा गीत बना दिया, जिसे लोग आज भी सुनना पसंद करते हैं.

27 साल बाद भी गरबा नाइट्स में है इस गाने का जलवा

‘रंगीलो मारो ढोलना' को रिलीज हुए करीब 27 साल हो चुके हैं, लेकिन इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया खेलने वाले लोगों की प्लेलिस्ट में यह गाना अक्सर शामिल रहता है. इसकी तेज धुन पर खासकर लड़कियां जमकर डांस करती हैं.

ये भी पढ़ें: दोस्त राजीव गांधी के लिए राजनीति में उतरे बिग बी, दिग्गज नेता को हराकर बने सांसद, रिकॉर्डतोड़ जीत के बाद क्यों 3 साल में ही छोड़ दी सियासत?

इस गीत को यूट्यूब पर भी शानदार प्रतिक्रिया मिली है और इसे 82 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. इतने सालों बाद भी इसका जादू बरकरार रहना बताता है कि कुछ गाने वक्त के साथ पुराने नहीं होते, बल्कि हर नए मौके पर फिर से लोगों के दिलों में जगह बना लेते हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Malaika Arora, Shubha Mudgal, Entertainment, Navratri 2026, Arbaaz Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com