मधुबाला ने अपनी जबरदस्त लोकप्रियता और अभिनय के दम पर हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर में अपनी एक खास पहचान बनाई थी. उन्होंने बाल कलाकार के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था, लेकिन उन्हें असली पहचान कमाल अमरोही की साल 1949 में रिलीज हुई फिल्म 'महल' से मिली. हाल ही में कमाल अमरोही के बेटे ताजदार अमरोही ने खुलासा किया कि मधुबाला और उनके पिता एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे. हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाया, क्योंकि मधुबाला चाहती थीं कि कमाल अमरोही अपनी पत्नी सैयदा को तलाक दे दें. इसी वजह से दोनों का रिश्ता आखिरकार खत्म हो गया. इसके साथ ही ताजदार ने मधुबाला और दिलीप कुमार के रिश्ते का भी जिक्र किया और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई अनसुने पहलुओं पर बात की.
ताजदार ने विक्की लालवानी से कहा, "मधुबाला... मैं आपको एक बात बताना चाहता हूं, और यह कहते हुए मुझे बहुत खुशी होती है कि शायद कमाल अमरोही ही ऐसे इकलौते शख्स थे, जिन्होंने भारतीय सिनेमा की तीन सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों के साथ काम किया. मीना कुमारी, जिन्हें भारत की ट्रेजेडी क्वीन कहा जाता है, मधुबाला, जिन्हें भारतीय सिनेमा की वीनस (सौंदर्य की मूर्ति) माना जाता है, और हेमा मालिनी, जो ड्रीम गर्ल के नाम से मशहूर हैं." ताजदार का कहना था कि कमाल अमरोही को भारतीय सिनेमा की तीन सबसे जानी- मानी और खूबसूरत अभिनेत्रियों के साथ काम करने का मौका मिला था.
कमाल अमरोही और मधुबाला का रिश्ता
कमाल अमरोही और मधुबाला के रिश्ते पर ताजदार अमरोही ने बताया कि कमाल अमरोही और मधुबाला असल में एक-दूसरे के साथ रिलेशन में थे. हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया, इसकी वजह यह थी कि मधुबाला चाहती थीं कि कमाल अमरोही अपनी पत्नी को तलाक दे दें और परिवार से अलग हो जाएं. लेकिन कमाल अमरोही अपने परिवार को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे. इसी कारण दोनों का रिश्ता आखिरकार खत्म हो गया.
ताजदार ने कहा, "उनके रिश्ते को लेकर काफी चर्चाएं और अफवाहें थीं. यह बात अखबारों तक पहुंच गई थी और फिल्म इंडस्ट्री में लगभग हर कोई इसके बारे में जानता था. मधुबाला कोई आम एक्ट्रेस नहीं थीं. वो अपने दौर की बहुत बड़ी स्टार थीं और बेहद खूबसूरत भी थीं. उनके दूसरे लोगों के साथ रिश्तों को लेकर भी कई कहानियां सामने आती रही हैं. यह बात भी जगजाहिर है कि उनका दिलीप कुमार के साथ रिश्ता था."
पत्नी और बच्चों को छोड़ने की शर्त
ताजदार ने दावा किया, "मधुबाला अपने दौर की बहुत बड़ी स्टार थीं और एक सक्सेसफुल प्रोड्यूसर भी थीं. उनके पास काफी दौलत थी. उन्होंने मेरे पिता से कहा था, 'मैं आपको एक तय रकम दूंगी. आप उसमें से कुछ अपनी पत्नी और बच्चों को दे दीजिए और उन्हें अपनी जिंदगी से अलग कर दीजिए." ताजदार के अनुसार, मधुबाला चाहती थीं कि कमाल अमरोही अपने परिवार से अलग होकर उनके साथ नए जीवन की शुरूआत करें, लेकिन कमाल अमरोही इसके लिए तैयार नहीं हुए. इसी वजह से दोनों का रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका.
ये भी पढ़ें: 58 साल पुराना गाना, आशा भोसले की आवाज और अरुणा ईरानी के डांस ने बनाया एवरग्रीन, रीमिक्स ने भी मचाई धूम
ताजदार ने आगे कहा, "मेरे पिता ने मधुबाला से कहा था, 'आज के बाद हम नहीं मिलेंगे, क्योंकि मैं कहानियां और डायलॉग्स बेचता हूं, अपने बच्चों और पत्नी को नहीं. आप चाहती हैं कि मैं अपनी पत्नी को छोड़ दूं, लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा. वो मेरे परिवार की इज्जत और हिस्सा हैं." ताजदार ने आखिर में कहा, "मेरी मां को मधुबाला के बारे में कुछ भी नहीं पता था. उन्हें सिर्फ इतना पता था कि महल फिल्म बन रही है और यह मेरे पिता के डायरेक्शन में बनने वाली पहली फिल्म थी."
कमाल अमरोही ने की चार शादियां
कमाल अमरोही की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने चार शादियां की थीं. उनकी पहली पत्नी बिलकिस थीं, जिनका निधन हो गया था. इसके बाद उन्होंने सैयदा से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे हुए, ताजदार और रुखसार. साल 1952 में कमाल अमरोही ने एक्ट्रेस मीना कुमारी से शादी की. दोनों का रिश्ता मीना कुमारी के निधन तक चला. उनके निधन के बाद कमाल अमरोही ने अपनी डॉक्टर से शादी की और आखिर तक उन्हीं के साथ रहें.
दिल में छेद की बीमारी से हुआ निधन
मधुबाला हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेसेस में से एक थी. उनका निधन महज 36 साल की उम्र में हो गया था. साल 1969 में उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. दरअसल उनको जन्म से ही दिल से जुड़ी गंभीर बीमारी वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट (दिल में छेद) थी. इसी बीमारी की वजह से बेहद ही कम उम्र में उनका निधन हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं