पूरे देशभर में इस वक्त दशहरे की धूम है. जगह जगह रामलीलाएं हो रही हैं और राम की कथाएं सुनाई-दिखाई जा रही हैं. बड़े बड़े कलाकार अलग अलग किरदारों में मंच पर उतरे हुए हैं और इनके बड़े ही मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर आ रहे हैं. हम आपको दिखाने जा रहे हैं हनुमान के किरदार में अशोक वाटिका में उत्पात मचा रहे विंदू दारा सिंह का वीडियो. दरअसल विंदू दारा सिंह धार्मिक लीला कमेटी की रामलीला में महाबली हनुमान का किरदार निभा रहे हैं.
राम लीला के दौरान लंका का एक सीन आता है जब सीता माता अशोक वाटिका में बैठी होती हैं और हनुमान प्रभु श्रीराम की अंगूठी लेकर वहां पहुंचते हैं और सीता जी को उनके स्वामी का संदेश देते हैं. सीता से मुलाकात के बाद हनुमान अशोक वाटिका में खाने के लिए कुछ ढूंढने निकलते हैं और पूरी वाटिका में उत्पात मचाते हैं. बस स्टेज पर यही सीन दिखाया जा रहा था. उत्पात के तौर पर विंदु दारा सिंह स्टेज पर इधर उधर घूम रहे थे और दर्शकों की तरफ केले और दूसरे फल उछाल रहे थे. विंदू दारा सिंह का हनुमान रूपी उत्पात दर्शकों को खूब पसंद आ रहा था. सभी में होड़ थी कि उनके हाथ में हनुमान जी का फेंका एक फल लग जाए.
बता दें कि विंदू दारा सिंह केवल मंच पर नहीं बल्कि छोटे पर्दे पर भी हनुमान के किरदार में दर्शकों का दिल जीत चुके हैं. विंदू दारा सिंह साल 1996 में 'जय वीर हनुमान' नाम के एक शो में बजरंगी का किरदार कर चुके हैं. इसके अलावा साल 2000 से 2002 के बीच आने वाले शो 'विष्णु पुराण' में भी पवन पुत्र का किरदार निभा चुके हैं. उनके पिता दारा सिंह के बारे में तो आप जानते ही हैं. रामानंद सागर की दूरदर्शन वाला हनुमान का किरदार उनका हमेशा के लिए अमर हो गया.
यह भी पढ़ें: लाइव कॉन्सर्ट के दौरान 7 फुट ऊंचे स्टेज से गिरी सिंगर, गाते-गाते बिगड़ा बैलेंस और यूं हुआ हादसा, देखें वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं