बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर कहा कि फिल्म में निभाए गए उनके किरदार तारा सिंह ने उन्हें दर्शकों के साथ ऐसा अटूट रिश्ता दिया, जो समय के साथ और भी मजबूत होता गया. जी स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का 15 जून को जी सिनेमा और जी बॉलीवुड पर विशेष प्रसारण किया जाएगा. इसी दिन 25 साल पहले आमिर खान की फिल्म 'लगान' के साथ बॉक्स ऑफिस पर टक्कर के बावजूद 'गदर: एक प्रेम कथा' हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही और आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है.
सनी देओल ने गदर की 25वीं एनिवर्सरी पर कही ये बात

सनी देओल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "तारा सिंह ने मुझे दर्शकों के साथ ऐसा रिश्ता दिया है, जो समय के साथ और मजबूत हुआ है. 25 साल बाद भी 'गदर' के लिए लोगों का प्यार उतना ही जबरदस्त महसूस होता है. किसी भी अभिनेता के लिए इससे बड़ा सम्मान नहीं हो सकता. इस प्यार के लिए मैं पूरे भारत का धन्यवाद करता हूं. हिंदुस्तान जिंदाबाद था, हिंदुस्तान जिंदाबाद है और हिंदुस्तान जिंदाबाद रहेगा."
अमीषा पटेल ने कही ये बात
गदर एक प्रेम कथा में सकीना का किरदार निभाने वाली अमीषा पटेल ने कहा कि यह भूमिका उनके जीवन की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक है. उन्होंने कहा, "25 साल बाद भी दर्शकों को सकीना और इस कहानी का जश्न मनाते देखना बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव है. 'गदर' हमेशा मेरे दिल के बेहद करीब रहेगी." फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा कि "'गदर' पूरी आस्था, भावनाओं और कहानी कहने के विश्वास के साथ बनाई गई थी. दर्शकों ने इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उससे कहीं बड़ा बना दिया. 25 साल बाद भी लोगों का यह प्यार हम सभी को विनम्र बना देता है."
गदर एक प्रेमकथा के बारे में
भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में प्रेम, त्याग, पारिवारिक मूल्यों और देशभक्ति का ऐसा संगम दिखाया गया था, जिसने हर पीढ़ी के दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया. आज भी फिल्म के किरदार, संवाद और कई यादगार दृश्य लोगों की स्मृतियों में जीवंत हैं. इस फिल्म ने 18.5 करोड़ के बजट में 133 करोड़ की कमाई हासिल की थी. जबकि इसका दूसरा पार्ट गदर 2 11 अगस्त 2023 को रिलीज किया गया था, जिसने 60 करोड़ के बजट में 691.08 करोड़ का कलेक्शन किया था और 25 साल पहले की तरह साल की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी.
लगान के बारे में
आमिर खान की फिल्म लगान 15 जून 2001 में रिलीज हुई थी, जिसे आशुतोष गोवारिकर ने डायरेक्ट किया था. जबकि आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस द्वारा प्रोड्यूस की गई थी. फिल्म का बजट उस समय 30 करोड़ का बताया गया था. जबकि फिल्म का कलेक्शन दुनियाभर में 76.4 करोड़ था. हालांकि गदर 2 के मुकाबले यह कम सक्सेस हासिल कर पाई थी. लेकिन यह उस समय की सबसे पॉपुलर फिल्मों में शुमार हो गई क्योंकि फिल्म ने नेशनल अवॉर्ड के साथ साथ ऑस्कर अवॉर्ड के नॉमिनेशन में भी एंट्री की थी. आमिर खान के अलावा फिल्म में ग्रेसी सिंह, रेचेल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न , कुलभूषण खरबंदा, रघुबीर यादव और यशपाल शर्मा सपोर्टिंग रोल में नजर आए थे.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं