बॉलीवुड में कई जोड़ियां ऐसी रही हैं, जिन्होंने अपनी शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीत लिया. ऐसी ही एक जोड़ी गोविंदा और करिश्मा कपूर की भी रही है. 90 के दशक में दोनों ने साथ मिलकर कई हिट फिल्में दीं और अपनी कॉमेडी, डांस और रोमांस से दर्शकों को खूब मनोरंजन किया. उनकी फिल्मों के गाने भी खूब पसंद किए गए. खास बात यह है कि उस दौर में लोकप्रिय हुए ये गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं. शादी हो, पार्टी हो या दोस्तों के साथ मस्ती, करिश्मा-गोविंदा के गानों पर लोग आज भी थिरकने से खुद को रोक नहीं पाते. Gen Z से लेकर मिलेनियल्स तक इन गानों का मजा लेते हैं.
1. यूपी वाला ठुमका- हीरो नंबर 1
यह गाना फिल्म हीरो नंबर वन का है. इसमें करिश्मा और गोविंदा नजर आए थे. गाने को यूपी-बिहार में काफी पसंद किया गया था. मुंह में पान लिए गोविंदा पर जिस अंदाज में इस गाने को फिल्माया गया, उसने इसे हर घर फेवरेट बना दिया.
2. तुम तो धोखेबाज हो- साजन चले ससुराल
गोविंदा, करिश्मा कपूर और तब्बू पर फिल्माया गया यह गाना अपने मजेदार बोल और शानदार म्यूजिक के लिए जाना जाता है. इस गाने में गोविंदा एक ही समय पर दो अलग-अलग कमरों में करिश्मा और तब्बू को प्यार का पाठ सिखा रहे थे. फिल्म साजन चले ससुराल का यह गाना काफी पसंद किया गया था. तब्बू, करिश्मा और गोविंदा की तिकड़ी ने इसे यादगार बना दिया.
3. व्हाट इज मोबाइल नंबर- हसीना मान जाएगी
90 के दशक का यह गाना आज भी फैंस का फेवरेट बना हुआ है. हसीना मान जाएगी फिल्म लोलो और चीची की लोकप्रिय फिल्मों में से एक है. वैसे तो इस फिल्म के सभी गाने पॉपुलर हुए थे, लेकिन गोविंदा और करिश्मा पर फिल्माया गया यह गाना एवरग्रीन बन गया.
4. आई लव यू बोल डाल- फिल्म हसीना मान जाएगी
इस गाने में गोविंदा और करिश्मा की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिली थी. प्यार का इजहार करने का इसका मजेदार अंदाज इसे उस दौर के लोकप्रिय गानों में से एक बनाता है. कई रियलिटी शोज में कंटेस्टेंट इस गाने पर परफोरम करते नजर आते हैं. यह गाना भी फिल्म हसीना मान जाएगी फिल्म का था.
5. सरकाई लो खटिया- फिल्म राजा बाबू
गोविंदा और करिश्मा की फिल्म ‘राजा बाबू' का यह गाना 90 के दशक खूब चर्चा में रहा था. इसके बोल और इसके डांस को लेकर उस टाइम खूब विवाद हुआ था. उस दौर के हिसाब से इस गाने को अश्लील बताया गया था. लेकिन करिश्मा और गोविंदा के फेमस गानों की बात हो और इसका नाम लिस्ट में ना आए, ऐसा तो हो नहीं सकता.
6. तुझको मिर्ची लगी- कुली नंबर 1
इस गाने में गोविंदा की नटखट अदाएं और करिश्मा कपूर का चुलबुला अंदाज लोगों को खूब पसंद आया था. गाने के बोल को लेकर भी उस टाइम काफी कंट्रोवर्सी हुई थीं. गाने में आए बोल 'तेरी नानी मरी तो मैं क्या करूं' कुछ लोगों को रास नहीं आया था. लेकिन आज यह मजेदार गाना खूब पसंद किया जाता है.
7. सोना कितना सोना है- हीरो नंबर 1
फिल्म ‘हीरो नंबर 1' का गाना ‘सोना कितना सोना है' 90s का पॉपुलर डांस नंबर है. इस गाने में गोविंदा और करिश्मा कपूर की मस्तीभरी केमिस्ट्री ने इसे और खास बना दिया. गाने में गोविंदा का रूठना, करिश्मा का उन्हें मनाना और अंत में हीरो का मान जाना, लोगों को खूब भाया. शादी ब्याह में ये गाना आज भी लोगों की डांस परफॉरमेंस देने के लिए पहली चॉइस है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं