विज्ञापन

सालों तक दीपिका पादुकोण की बुराई करने के बाद कंगना रनौत के बदले सुर, अब बोलीं- मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा

कंगना रनौत का एक नया बयान इन दिनों चर्चा में है. कई मौकों पर दीपिका पादुकोण की आलोचना कर चुकीं कंगना ने इस बार उनकी तारीफों के पुल बांधती नजर आईं. कंगना इस बयान ने फैंस को हैरान कर दिया है और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है.

सालों तक दीपिका पादुकोण की बुराई करने के बाद कंगना रनौत के बदले सुर, अब बोलीं-  मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा
दीपिका को लेकर कंगना का यू-टर्न, पहले उड़ाया मजाक
NDTV

बॉलीवुड में कंगना रनौत और दीपिका पादुकोण का नाम एक साथ आए और चर्चा न हो, ऐसा कम ही होता है. पिछले कुछ सालों में कई बार कंगना ने दीपिका की फिल्मों, उनके फैसलों और बयानों पर खुलकर निशाना साधा. लेकिन अब कहानी में नया ट्विस्ट आ गया है. जिस दीपिका को लेकर कंगना पहले कई बार सवाल उठा चुकी हैं, अब उन्हीं की तारीफ करती नजर आई हैं. इतना ही नहीं, कंगना ने ये भी कहा कि उन्होंने दीपिका से काफी कुछ सीखा है. उनके इस बयान ने फैंस को हैरान भी किया है और सोशल मीडिया पर नई चर्चा भी शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें; मुकेश खन्ना ही नहीं, महाभारत के इन सितारों ने भी आज तक नहीं बसाया घर, 50 से 67 की उम्र में भी हैं सिंगल

दीपिका से क्या सीखीं कंगना

अपनी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के प्रमोशन के दौरान कंगना ने एंटरटेनमेंट लाइफ को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि जब वो कम उम्र में घर छोड़कर मुंबई आई थीं, तब उन्हें दुनिया की ज्यादा समझ नहीं थी. ऐसे में उन्होंने अपने आसपास के लोगों को देखकर बहुत कुछ सीखा. कंगना ने दीपिका पादुकोण का जिक्र करते हुए कहा कि उनका स्पोर्ट्स बैकग्राउंड रहा है और उन्हें देखकर उन्होंने फिटनेस की अहमियत समझी. कंगना ने कहा कि वो हमेशा दूसरों की अच्छी बातों को अपनाने की कोशिश करती हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने दीपिका को अपने दौर की एक खास एक्ट्रेस भी बताया. कंगना ने कहा कि जैसे माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर और दूसरी दिग्गज अभिनेत्रियों की अपनी अलग पहचान रही है, वैसे ही दीपिका पादुकोण जैसी भी दूसरी कोई नहीं है. उनके मुताबिक हर कलाकार अपने दौर की एक खास पहचान बनाता है और दीपिका भी उन्हीं सितारों में शामिल हैं.

दूसरों की अच्छाई से सीखने की सलाह

कंगना का कहना है कि किसी की अच्छी बात को अपनाने में कोई बुराई नहीं है. उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें किसी में कोई अच्छी आदत या खासियत नजर आई, उन्होंने उससे प्रेरणा लेने की कोशिश की. कंगना के मुताबिक लोगों को सिर्फ कमियां ढूंढने के बजाय दूसरों की अच्छी बातें भी देखनी चाहिए. यही सोच इंसान को आगे बढ़ने में मदद करती है.

आज के कलाकारों की सोच पर जताई चिंता

बातचीत के दौरान कंगना ने आज की युवा पीढ़ी को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि आजकल काफी नेगेटिविटी देखने को मिलती है. लोग एक-दूसरे को सपोर्ट करने की जगह अक्सर आलोचना करने लगते हैं. कंगना ने इसे अच्छी बात नहीं बताया और कहा कि इस तरह की सोच को बदलने की जरूरत है. उनके मुताबिक एक-दूसरे से सीखने और तारीफ करने की आदत माहौल को बेहतर बना सकती है.

हर दौर की होती है अपनी स्टार

जब कंगना से पूछा गया कि उनके जैसी दूसरी अभिनेत्री क्यों नहीं आई, तो उन्होंने जवाब में कई दिग्गज अभिनेत्रियों का नाम लिया. उन्होंने कहा कि मीना कुमारी, मधुबाला, वहीदा रहमान, हेमा मालिनी, माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर, जूही चावला और दिव्या भारती जैसी स्टार्स की अपनी अलग पहचान रही है. कंगना ने कहा कि जैसे इन सितारों की जगह कोई नहीं ले सकता, वैसे ही दीपिका पादुकोण जैसी भी दूसरी अभिनेत्री नहीं है. हर कलाकार अपने दौर में अपनी खास पहचान बनाता है.

दीपिका की 8 घंटे वाली मांग का भी किया था सपोर्ट

ये पहली बार नहीं है जब कंगना ने दीपिका के पक्ष में कुछ कहा हो. कुछ महीने पहले जब दीपिका के 8 घंटे काम करने वाले बयान पर बहस छिड़ी थी, तब भी कंगना ने उनका समर्थन किया था. उन्होंने कहा था कि दीपिका ने अपने करियर में ऐसी जगह बनाई है कि अगर वो 8 घंटे काम करना चाहती हैं तो लोगों को उनकी बात का सम्मान करना चाहिए.

पहले कई बार कर चुकी हैं आलोचना

हालांकि कंगना और दीपिका के बीच विचारों का टकराव नया नहीं है. कंगना पहले दीपिका की फिल्म 'गहराइयां' पर निशाना साध चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने 'पद्मावत' में दीपिका के किरदार को लेकर भी सवाल उठाए थे. साल 2020 में जेएनयू जाने को लेकर भी उन्होंने दीपिका की आलोचना की थी. लेकिन अब उनके नए बयान से साफ है कि मतभेदों के बावजूद वो दीपिका की खूबियों को स्वीकार करती हैं. शायद यही वजह है कि इस बार उन्होंने खुलकर कहा कि उन्होंने दीपिका से काफी कुछ सीखा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Deepika Padukone, Kangana Ranaut, Bharat Bhhagya Viddhaata, Bollwyood, Entertaiment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com