साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के तीन हफ्ते पूरे होने से पहले ही फिल्म ने कमाई के मामले में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसने तमिल सिनेमा का नाम दुनियाभर में रोशन कर दिया है. महज 18 दिनों में फिल्म ने वर्ल्डवाइड 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. इसी के साथ 'जेलर 2' यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली तमिल फिल्म बन गई है. खास बात यह है कि फिल्म को भारत के साथ-साथ विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
18 दिनों में दुनियाभर में 803 करोड़ की कमाई
ट्रैक टॉलीवुड की रिपोर्ट के मुताबिक, 'जेलर 2' ने 18 दिनों में दुनियाभर में करीब 803 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. फिल्म की कमाई में भारत के अलावा विदेशी बाजारों का भी बड़ा योगदान रहा है. भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 529 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि विदेशों से इसने लगभग 274 करोड़ रुपये कमाए हैं.
भारत में फिल्म की कमाई की बात करें तो तमिलनाडु सबसे बड़ा बाजार बनकर सामने आया है. यहां फिल्म ने करीब 208 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. तेलुगु राज्यों से 94 करोड़, कर्नाटक से 92 करोड़ और केरल से 78 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. वहीं, भारत के दूसरे इलाकों से फिल्म को करीब 57 करोड़ रुपये मिले हैं.
तमिलनाडु में भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड
'जेलर 2' ने अपने घरेलू बाजार तमिलनाडु में भी शानदार प्रदर्शन किया है. फिल्म ने यहां 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है. यह रजनीकांत के करियर की पहली ऐसी फिल्म है, जिसने तमिलनाडु में यह आंकड़ा पार किया है.
फिल्म की सफलता के पीछे रजनीकांत की जबरदस्त फैन फॉलोइंग के साथ-साथ एक्शन, कॉमेडी और दमदार कहानी को भी बड़ी वजह माना जा रहा है. फिल्म को लगातार मिल रहे दर्शकों के प्यार ने इसकी कमाई को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है.
क्या है फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट?
नेल्सन दिलीप कुमार के निर्देशन में बनी 'जेलर 2' साल 2023 में आई सुपरहिट फिल्म 'जेलर' का सीक्वल है. फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आ रहे हैं.
फिल्म में रजनीकांत के अलावा राम्या कृष्णन, योगी बाबू, विनायकन, वसंथ रवि और मिर्ना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. इसके अलावा मोहनलाल, शिवा राजकुमार और विजय सेतुपति की मौजूदगी ने भी फिल्म को खास बनाया है. कलानिधि मारन के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है.
यह भी पढ़ें | Jailer 2 Box Office Collection Day 12: 400 करोड़ क्लब में शामिल हुई रजनीकांत की फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं