फिल्मी गानों से हमारी कई यादें जुड़ी होती हैं. कोई किसी गाने को सुन अपने प्यार की यादों में खो जाता है, कोई गाना घर की याद दिलाता है. किसी गाने से एक खास त्योहार की यादें हरी हो जाती हैं तो वहीं कुछ ऐसे होते हैं जो किसी जमाने में हमारे रुटीन का हिस्सा रहे होते हैं. रुटीन का हिस्सा ऐसे कि हम हर हफ्ते रंगोली और चित्रहार जैसे टीवी शो पर इन गानों का इंतजार करते थे. आज हम आपको ऐसे ही एक गाने के बारे में बताने जा रहे हैं जो कि 90 के दशक में हर संडे टीवी पर जरूर आता था.
90 के दशक का हिट लव सॉन्ग
हम जिस गाने की बात कर रहे हैं वह साल 1992 में आई फिल्म 'जान तेरे नाम' का गाना 'हम लाख छुपाएं प्यार मगर' है. ये सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक पूरा जमाना है. कुमार सानू और आशा भोसले की आवाज में इस गाने को अगर आप सुन लें तो पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं. दिमाग में वो सीन फिर से दौड़ जाता है जब हम टीवी पर नजरें टिकाए बस अपने पसंदीदा नंबर का इंतजार करते हैं.
नदीम-श्रवण के म्यूजिक से सजा यह गाना उन दिनों की पहचान बन गया जब रविवार को टीवी पर यही धुन गूंजती थी और पूरा माहौल थम सा जाता था. दीपक बलराज विज के डायरेक्शन में बनी जान तेरे नाम में रॉनित रॉय और फरहीन लीड रोल में थे. ये दोनों ही स्टार्स की डेब्यू फिल्म थी. फिल्म की कहानी कॉलेज के प्यार, छुप-छुपकर मिलने और इन्हीं की लव स्टोरी पर आधारित थी. यही वजह थी कि फिल्म का गाना रिलीज के साथ ही युवाओं के दिलों में उतर गया. 'हम लाख छुपाएं प्यार मगर' का म्यूजिक नदीम-श्रवण ने दिया, जो 90 के दशक के रोमांटिक म्यूजिक के बादशाह माने जाते हैं. नदीम-श्रवण की धुन, कुमार सानू की आवाज और आशा भोसले का एक्सपीरियंस तीनों ने मिलकर ऐसा जादू रचा जो तीन दशक बाद भी नया लगता है. ये फिल्म भले ही सुपरहिट नहीं रही लेकिन इसके गाने हमेशा के लिए हिट हो गए.
हम लाख छुपाएं प्यार मगर के लिरिक्स
हम लाख छुपाएं प्यार मगर दुनिया को पता चल जाएगा
लेकिन छुप छुप के मिलने से मिलने का मजा तो आएगा
तुम कितने भोले भाले हो हर बात को खेल समझते हो
मैं जब दुनिया की कहता हूं तुम अपने दिल की कहती हो
यह प्यार हमारा रब जाने
लेकिन छुप छुप के ...
ये मस्त हवा महकी ये फिजा आंखों में नशा सा छाता है
इक रंग खुशी का आता है इक रंग खुशी का जाता है
ये मीठा मीठा दर्द मुझे दिन रात यूं ही तड़पाएगा
लेकिन छुप छुप के ...
तुम इन बांहों के घेरे में आंखें बंद करके सो जाओ
कल क्या होगा ये भूल के तुम मीठे सपनों में खो जाओ
मैं रखवाला इस तन मन का जो होगा देखा जाएगा
लेकिन छुप छुप के मिलने से मिलने का मजा तो आएगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं