नेटफ्लिक्स की नई कॉमेडी-डांस फिल्म 'बेस्ट ऑफ द बेस्ट' रिलीज होते ही ग्लोबल चार्ट्स पर छा गई है. फ्लिक्सपेट्रोल के आंकड़ों के मुताबिक 22 सितंबर 2026 को यह फिल्म दुनियाभर के नेटफ्लिक्स मूवी चार्ट में नंबर वन पर काबिज है. 24 देशों में यह टॉप 10 में नंबर वन पर बनी हुई है. जिनमें बुल्गारिया, क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, एस्टोनिया, फ्रांस, हंगरी, आइसलैंड, केन्या, लातविया, लिथुआनिया, माल्टा, मॉरिशस, मोरक्को, पुर्तगाल समेत यूरोप और अफ्रीका शामिल हैं. रिलीज के 5 दिन में साउथ एशियन डायस्पोरा स्टोरी ने ग्लोबली धूम मचा दी है. भारत में ये 5वें नंबर पर ट्रेंड कर रही है.
फिल्म की कहानी बचपन की दो सहेलियों माया और अंजलि की है. माया का किरदार निभा रही हैं मैत्रेयी रामकृष्णन और अंजलि बनी हैं प्रियंका केडिया. दोनों यूसीएलए की बॉलीवुड-फ्यूजन डांस टीम में शामिल होती हैं और राष्ट्रीय चैंपियनशिप की दौड़ में दोस्ती, महत्वाकांक्षा, रोमांस और पहचान के सवालों से जूझती हैं. निर्देशन लीना खान का है जबकि पटकथा हसन मिन्हाज और प्रशांत वेंकटरमनुजम ने लिखी है. स्टार कास्ट में अंकुर राठी, लिली सिंह और हसन मिन्हाज भी हैं. फिल्म 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई.
कौन हैं प्रियंका केडिया?
प्रियंका केडिया इस फिल्म की बड़ी खोज हैं. प्रियंका केडिया अमेरिकी मूल की हैं. थिएटर की पढ़ाई के बाद उन्होंने कई साल तक काम किया. शॉर्ट फिल्मों और इंस्टाग्राम से शुरुआत करने वाली केडिया 2024 की फिल्म 'एवरीथिंग टू मी' में दिखीं. 2026 में स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म 'डिस्क्लोजर डे' में ग्रेस झाओ का किरदार निभाकर उन्होंने हॉलीवुड में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. अब 'बेस्ट ऑफ द बेस्ट' में अंजलि के किरदार से उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी हैं.
प्रियंका केडिया ने कहा है कि अंजलि का किरदार उनसे काफी मिलता-जुलता है. कॉलेज में वे भी दूसरों की अपेक्षाओं पर चलने वाली लड़की थीं. उन्होंने बॉलीवुड डांस किया था, लेकिन कभी किसी मुकाबले का हिस्सा नहीं बनीं. फिल्म के लिए मैत्रेयी के साथ चार महीने का डांस बूटकैंप किया. रोज 14 घंटे स्टूडियो में बिताए.
यह भी पढ़ें: Netflix की 8 एपिसोड की सीरीज की दुनिया भर में धूम, 60 देशों में नंबर वन, क्या बेटी ने किया मां-बाप का कत्ल?
प्रियंका केडिया के लिए यह फिल्म करियर का अहम पड़ाव है. थिएटर से हॉलीवुड और अब नेटफ्लिक्स की बड़ी रिलीज तक का सफर उन्होंने तय कर लिया है. फिल्म देखने के बाद दर्शक अंजलि के किरदार और प्रियंका की परफॉर्मेंस दोनों की तारीफें कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं