अनीता हंसनंदानी टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में भी कई फिल्में की हैं. हालांकि उनकी पर्सनल लाइफ चर्चा का विषय रही, जिसमें बॉयफ्रेंड एजाज खान के साथ उनका रिश्ता भी है. वहीं पिछले दिनों हॉटरफ्लाई से बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि वह अपनी पहचान से उनके लिए समझौता कर रही थीं. उन्होंने बताया कि इस रिश्ते को लेकर उनकी मां को आपत्ति थी, जिसका कारण एजाज खान का धर्म था. इतना ही नहीं एक्ट्रेस ने बताया कि उनके रिलेशनशिप के दौरान तीन रेड फ्लैग थे, जो उनके रिश्ता टूटने का कारण बना.
मां की मर्जी के खिलाफ उठाया कदम
इंटरव्यू में एजाज खान से रिश्ते पर अनीता हंसनंदानी ने कहा, “यह मेरी जिंदगी के शुरुआती कुछ लंबे रिलेशनशिप में से एक था और इसके लिए मैंने अपनी मां की मर्जी के खिलाफ भी कदम उठाया था क्योंकि वह एक अलग संस्कृति से था. वह मुस्लिम था, और मैं हिंदू हूं. मां ने सीधे तौर पर तो मना नहीं किया था. लेकिन उन्हें हमेशा कुछ चिंताएं रहती थीं. हम दोनों अपनी-अपनी जगह तो अच्छे थे. लेकिन एक-दूसरे के लिए सही नहीं थे. बात नहीं बनी और बस यही सच है.”
ये भी पढे़ं- गौहर खान की बहन है ये एक्ट्रेस, पाकिस्तानी बिजनेसमैन से की शादी, अब एक्टिंग की दुनिया से हुईं दूर
ब्रेकअप थी अनीता हसनंदानी के लिए मुश्किल

अनीता हसनंदानी ने बताया कि उनके लिए ब्रेकअप बहुत मुश्किल था और उन्हें इससे निकलने में एक साल लग गया. एक्ट्रेस ने कहा, “अगर कोई आपसे प्यार करने के लिए आपको बदलना चाहता है तो वह प्यार नहीं है. लेकिन उस समय मुझे यह बात समझ नहीं आई क्योंकि मैं प्यार में थी और जिस इंसान से मैं प्यार करती थी. उसके लिए मैं खुद को बदलने को तैयार थी. काश मैंने खुद को इतना ज्यादा न बदला होता और जैसी मैं असल में हूं वैसी ही रहती. तो आज मैं एक बिल्कुल अलग इंसान होती... उस रिश्ते से आगे बढ़ने में मुझे एक साल से भी ज्यादा का समय लगा. मैं सचमुच अपनी सबसे अच्छी दोस्त के घर जाकर रहने लगी थी. क्योंकि मैं मानसिक रूप से बहुत ज्यादा टूट चुकी थी. हर सुबह, वह मेरा हौसला बढ़ाती थी.”
अनीता हसनंदानी के लिए रेड फ्लैग
रिश्ते में रेड फ्लैग पर एक्ट्रेस ने कहा, पहला यह जरूरी है कि आप ऐसे किसी व्यक्ति के साथ न रहें, जो आपको बदलने की कोशिश कर रहा हो और यही मेरा एक बुनियादी नियम रहा है. दूसरा पार्टनर के फोन को हमेशा चेक करें कि अगर वह छिपाता या दिखाता नहीं तो कुछ गड़बड़ है. तीसरा कि अगर पार्टनर आपको अपने दोस्त और परिवार से दूर कर रहा है तो ध्यान रखें और इसे बैलेंस करने का सही रास्ता ढूंढें.
अनीता हसनंदानी के बारे में
एकता कपूर के शो काव्यांजलि में एजाज खान और अनीता हसनंदानी की मुलाकात हुई. वहीं कुछ साल बाद 2007 में कपल अलग हो गया. जहां 2013 में रोहित रेड्डी से शादी करने के बाद अनीता हसनंदानी एक बेटे की मां हैं तो वहीं एजाज खान सिंगल हैं. हालांकि पिछले दिनों वह पवित्रा पुनिया को डेट कर रहे थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं