करीब 1.75 करोड़ रुपये की लागत में बनी ‘हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसकी शायद फिल्म की टीम ने भी शुरुआत में कल्पना नहीं की होगी. रिलीज के पहले हफ्ते में महज करीब डेढ़ करोड़ रुपये कमाने वाली यह फिल्म अब 175 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है. यानी फिल्म ने अपनी लागत का करीब 100 गुना कारोबार किया है. हालांकि वास्तविक मुनाफे का आकलन वितरण, प्रचार और दूसरे खर्चों को ध्यान में रखकर ही किया जा सकता है.
हनुमान अंश की राह आसान नहीं
खास बात यह है कि फिल्म का सफर शुरुआत से आसान नहीं था. ‘हनुमान अंश' की रिलीज के बाद ‘बंटवारा 1947' और ‘अवरण 2' जैसी फिल्मों के सिनेमाघरों में आने के बाद इसकी स्क्रीन संख्या घटकर महज 25 रह गई थी. इसके बाद ‘बंटवारा 1947' के उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने पर ‘हनुमान अंश' के लिए धीरे-धीरे स्क्रीन बढ़ने लगीं. इसके साथ ही दर्शकों की दिलचस्पी भी बढ़ती गई और फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों में भीड़ उमड़ने लगी.
ये Video भी देखें: Hभक्ति Vs भौकाल - 'हनुमान अंश' ने कमाए 130 करोड़, 'मिर्जापुर' 100 करोड़ के पार
शहर-शहर हुआ फिल्म का प्रचार
फिल्म की टीम ने भी इसकी रिलीज के बाद प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी. निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और उनकी टीम शहर-दर-शहर जाकर फिल्म का प्रचार करती रही. इस दौरान टीम ने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की और उन्हें फिल्म भी दिखाई.
रिलीज को करीब 29 दिन हो चुके हैं और लगातार प्रचार की भागदौड़ के बीच निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की तबीयत भी खराब हो गई. अब वह मुंबई लौट रहे हैं. बातचीत में विशाल ने बताया कि मुंबई में गणेश उत्सव शुरू होने जा रहा है और इस दौरान वह शहर के अलग-अलग पंडालों में जाकर बप्पा का धन्यवाद करेंगे.
फिल्म को मिली बड़ी सफलता
‘हनुमान अंश' की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है कि जिस फिल्म ने पहले हफ्ते में सिर्फ डेढ़ करोड़ रुपये कमाए थे, वह अब 175 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है. सीमित बजट से शुरू हुआ यह सफर अब फिल्म की टीम के लिए एक बड़ी व्यावसायिक सफलता में बदल चुका है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं