‘हनुमान अंश' की कामयाबी इन दिनों लगातार चर्चा में है. नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल किया है, जिसकी शायद शुरुआत में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. इसी बीच सोशल मीडिया और चर्चाओं में दावा किया जाने लगा कि किसी OTT प्लेटफॉर्म ने फिल्म के डिजिटल राइट्स के लिए मेकर्स को 100 करोड़ रुपये का ऑफर दिया है. अब फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने खुद इस खबर पर सफाई दी है.
‘100 करोड़ के OTT ऑफर' को बताया झूठी खबर
रागिनी सोना हाल ही में बाबा की समाधि मंदिर में पहुंची थीं. इसी मौके पर उन्होंने फिल्म से जुड़ी 100 करोड़ रुपये के OTT ऑफर वाली खबर पर बात की. उन्होंने कहा कि उन्होंने भी यह रूमर सुना है कि किसी OTT प्लेटफॉर्म ने ‘हनुमान अंश' को 100 करोड़ रुपये का ऑफर दिया है, लेकिन यह बात झूठ है. उन्होंने दर्शकों से ऐसी खबरों पर ध्यान न देने की अपील की. रागिनी ने कहा कि इस समय उनके लिए सबसे ज्यादा मायने यह रखता है कि कितने लोग फिल्म देखने सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं. उनके मुताबिक, कौन सा प्लेटफॉर्म कितना ऑफर दे रहा है, इस पर ध्यान देने के बजाय दर्शकों का प्यार ज्यादा महत्वपूर्ण है.
ये Video भी देखें: बांद्रा के मशहूर गेटी गैलेक्सी थिएटर पर पुलिस की कार्रवाई
‘दर्शक ही फिल्म का प्रचार कर रहे हैं'
रागिनी सोना ने फिल्म की सफलता का श्रेय दर्शकों को देते हुए कहा कि सिनेमाघरों में लोग फिल्म देख रहे हैं और अपने अनुभव दूसरों के साथ साझा कर रहे हैं. उनके मुताबिक, यही ‘हनुमान अंश' का सबसे बड़ा प्रचार है. फिल्म ने शुरुआत में बहुत धीमी रफ्तार पकड़ी थी. रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये कमाए थे.
इसके बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी के चलते फिल्म की कमाई तेजी से बढ़ी और पांचवें हफ्ते में यह 100 करोड़ के क्लब में पहुंच गई. यही वजह है कि रागिनी सोना का कहना है कि बाबा का आशीर्वाद है और दर्शक खुद फिल्म का प्रचार कर रहे हैं. उन्होंने आगे भी बाबा के चमत्कार की उम्मीद जताई.
‘कोई डील होगी तो खुद बताएंगे'
OTT को लेकर रागिनी ने यह भी साफ किया कि मेकर्स की अलग-अलग प्लेटफॉर्म के साथ बातचीत जरूर चल रही है, लेकिन इसे 100 करोड़ रुपये के पक्के ऑफर के तौर पर देखना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि टीम के स्तर पर प्लेटफॉर्म्स के साथ बातचीत चल रही है और जब भी कोई डील तय होगी, उसकी जानकारी दर्शकों को जल्द दे दी जाएगी. फिलहाल फिल्म सिनेमाघरों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 करोड़ रुपये के आसपास के बजट वाली इस फिल्म का 100 करोड़ रुपये के पार पहुंचना इसकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं