जब आप किसी एक्टर को अपनी फिल्म में साइन करते हैं तो उसके बारे में सब कुछ जानने की कोशिश करते हैं. अगर वो सीनियर एक्टर है तो आपको ज्यादा जानना नहीं होता क्योंकि इनकी फिल्मोग्राफी तो आपको पता ही होती है. लेकिन 'आवारापन 2 (Aawarapan 2)' के डायरेक्टर ने अपनी फिल्म की विलेन और बॉलीवुड की सीनियर एक्ट्रेस शबाना आजमी ( Shabana Azmi) को लेकर ऐसा दावा कर डाला जिससे साफ हो जाता है कि शायद उन्होंने उनके बारे में ज्यादा रिसर्च नहीं की है.
फिल्मोग्राफी नहीं देखी क्या?
बात कुछ यूं है कि आवारापन 2 में शबाना आजमी विलेन का रोल कर रही हैं. फिल्म इमरान हाशमी की है. अब फिल्म के डायरेट्र विशेष भट्ट ने दावा कर डाला कि शबाना आजमी पहली बार विलेन का रोल करने जा रही हैं. शायद वो यह बात भूल गए कि शबाना आजमी मकड़ी फिल्म में विलेन का रोल कर चुकी हैं. ऐसे में उनका यह दावा गलत साबित हो जाता है.
ये भी पढ़ें: 1 घंटा 55 मिनट की इस फिल्म ने जीता दुनिया का दिल, तीन दिन के अंदर 63 देशों में बनी नंबर वन
इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2', 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस दिन सनी देओल की 'बंटवारा 1947' भी रिलीज हो रही है. ऐसे में यह मुकाबला काफी दिलचस्प साबित हो जाता है.
विशेष भट्ट ने कहां किया दावा
एक्ट्रेस शबाना आजमी 'आवारापन 2' के साथ अपने करियर में एक नया पहलू आजमाने जा रही हैं, जिसमें वह विलेन के रोल में नजर आएंगी. प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की. उन्होंने शबाना आजमी के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की और लिखा, 'नफीसा का किरदार सिर्फ शबाना जी ही निभा सकती थीं...वह पिछले साल अपने जन्मदिन पर घर आईं और सब कुछ अपनी सही जगह पर आ गया. नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली दिग्गज शबाना आजमी का इस फ्रैंचाइजी में स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है. यह उनके शानदार करियर का पहला विलेन वाला रोल होगा! वह एक बेमिसाल असर और मौजूदगी लेकर आ रही हैं जो कहानी को पूरी तरह से बदल देगी. 'आवारापन 2' 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में आएगी.'
पहला विलेन रोल नहीं
'आवारापन 2' से पहले वह साल 2002 में आई फिल्म मकड़ी में विलेन का रोल कर चुकी हैं. आपको बता दें कि नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली शबाना आजमी फिल्म 'आवारापन 2' में नफीसा का किरदार निभाती नजर आएंगी. 'आवारापन 2' को नितिन कक्कड़ ने डायरेक्ट किया है, इसे बिलाल सिद्दीकी ने लिखा है और विशेष भट्ट ने प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. पिछले हफ्ते मेकर्स ने सोशल मीडिया पर 'आवारापन 2' की घोषणा की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं