क्या कोई टेडी बियर किसी की याद बन सकता है. शायद इस सवाल का जवाब ईशा देओल की कहानी में छिपा है. पिता धर्मेंद्र के निधन के बाद उनकी यादें आज भी ईशा के साथ हर पल चलती हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने अपने दिल का वो कोना खोला, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते थे. ईशा ने बताया कि उनके बेड पर हमेशा कई टेडी बियर रखे रहते हैं. इसकी वजह सिर्फ सजावट नहीं, बल्कि उनके पिता से जुड़ा एक बेहद खास रिश्ता है. उनकी भावुक बातों ने फैंस को भी भावनाओं से भर दिया है.
पद्म विभूषण का वो पल जिसने सबको भावुक कर दिया
हाल ही में आयोजित पद्म विभूषण समारोह ईशा देओल के लिए सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं था. ये वो पल था जिसने उन्हें पिता की अनगिनत यादों के बीच पहुंचा दिया. समारोह में हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र की ओर से सम्मान स्वीकार किया. अपनी मां को मंच पर देखकर ईशा की आंखें नम हो गईं. उन्होंने कहा कि उस दिन गर्व और दुख, दोनों भावनाएं एक साथ महसूस हो रही थीं.
यह भी पढ़ें- 41 की उम्र में दूसरी बार दुल्हन बनेंगी जेनिफर विंगेट, सिंगापुर के बिजनेसमैन संग करेंगी क्रिश्चियन वेडिंग
ईशा बोलीं- ये सम्मान बहुत पहले मिल जाना चाहिए था
ईशा का मानना है कि धर्मेंद्र अपने शानदार करियर में इस सम्मान के हकदार बहुत पहले से थे. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि उनके पिता ने कभी पुरस्कारों को अपनी सफलता का पैमाना नहीं माना. लोगों का प्यार, फैंस का सम्मान और दशकों तक मिला स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी कमाई थी. यही वजह है कि आज भी धर्मेंद्र करोड़ों दिलों में बसे हुए हैं.
पिता की कौन सी याद सबसे खास है
जब ईशा से धर्मेंद्र के साथ बिताए सबसे खूबसूरत पल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि एक याद चुनना नामुमकिन है. उनके मुताबिक, बचपन से लेकर जीवन के हर पड़ाव तक पिता का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा. उनकी आवाज, उनकी सलाह और उनका स्नेह आज भी उनके दिल में जिंदा है.
आखिर बेड पर क्यों रखती हैं ढेर सारे टेडी बियर
ईशा ने एक बेहद भावुक खुलासा करते हुए बताया कि वो प्यार से अपने पिता को 'टेडी बियर' कहती थीं. यही वजह है कि आज उनका बिस्तर टेडी बियर से भरा रहता है. उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता. इंसान बस उस दर्द के साथ आगे बढ़ना सीख जाता है. उनके लिए हर टेडी बियर पिता की मौजूदगी का एहसास कराता है.
यह भी पढ़ें- अक्षय कुमार ने 15 साल से नहीं खाया समोसा, मलाइका -करीना को है घी पसंद, जानें सेलेब्स की डाइट
अब बेटियों को देना चाहती हैं वही संस्कार
ईशा का कहना है कि उन्होंने अपने माता-पिता से विनम्रता, दयालुता और दूसरों का सम्मान करना सीखा है. अब वो चाहती हैं कि उनकी बेटियां राध्या और मिराया भी इन्हीं मूल्यों के साथ बड़ी हों. उनके अनुसार, परिवार से मिली सीख जिंदगी भर साथ रहती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं