प्रीति जिंटा और बॉबी देओल की दोस्ती काफी पुरानी है, लेकिन एक बार बॉबी को फोन करने के चक्कर में प्रीति की ऐसी हालत हुई कि उन्होंने तुरंत फोन ही काट दिया. हुआ कुछ यूं कि प्रीति अपने दोस्तों के साथ बाहर थीं और सभी ने बॉबी को फोन करके मिलने का प्लान बनाने की सोची. फोन करने की जिम्मेदारी प्रीति को मिली. उन्होंने रात करीब 10:30-11 बजे बॉबी के घर फोन किया, लेकिन फोन बॉबी ने नहीं बल्कि सनी देओल ने उठाया. इसके बाद सनी ने प्रीति से ऐसा सवाल पूछा कि वो घबरा गईं.
बॉबी को फोन करना था, लेकिन सनी ने उठा लिया फोन
प्रीति ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि बॉबी से उनकी दोस्ती फिल्मों में आने से पहले की है. उस समय बॉबी के पास एक वैन हुआ करती थी और दोस्तों का पूरा ग्रुप उसी में घूमने निकल जाता था. एक दिन प्रीति अपने दोस्तों के साथ बाहर थीं. सभी ने तय किया कि बॉबी को फोन करके बता दिया जाए कि वो लोग उनके घर आने वाले हैं. फोन करने की जिम्मेदारी प्रीति को मिली. उन्होंने घर का नंबर मिलाया और सोचा कि सामने बॉबी की आवाज सुनाई देगी. लेकिन जैसे ही फोन उठा, प्रीति को पता चला कि दूसरी तरफ सनी देओल हैं.
‘ढाई किलो का हाथ' ने फोन उठाया
प्रीति ने इस किस्से को याद करते हुए मजाक में कहा कि उन्हें क्या पता था कि फोन पर सनी देओल का ‘ढाई किलो का हाथ' ही फोन उठा लेगा. ये सुनकर वहां मौजूद लोग हंसने लगे और खुद सनी भी मुस्कुरा दिए. प्रीति ने बताया कि उन्होंने फोन पर बहुत सीधे अंदाज में पूछा, ‘हाय, क्या मैं बॉबी से बात कर सकती हूं?' इसके बाद सनी ने उनसे पूछा, ‘ये किसी के घर फोन करने का टाइम है?' उस समय रात के करीब 10:30 से 11 बज रहे थे. सनी की बात सुनते ही प्रीति घबरा गईं. उन्होंने सोचा भी नहीं और चुपचाप फोन काट दिया.
प्रीति सनी से काफी डरती थीं
प्रीति ने बताया कि उन दिनों वो सनी देओल के सामने काफी नर्वस रहती थीं. उन्हें सनी से खुलकर बात करने में 2-3 फिल्में लग गईं. इसलिए रात में फोन पर मिली ये डांट उन्हें और भी ज्यादा डराने वाली लगी. सनी ने भी बताया कि उस समय घर में रात 8 बजे के बाद बाहर जाने की इजाजत नहीं थी. वो बॉबी को लेकर काफी सख्त थे और उसे बेटे जैसा मानते थे. ऐसे में रात 11 बजे आया फोन उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगा.
प्रीति और बॉबी की दोस्ती भी रही खास
प्रीति और बॉबी ने बाद में कई फिल्मों में साथ काम किया. दोनों की जोड़ी ‘सोल्जर' में काफी पसंद की गई थी. इसके अलावा दोनों ‘झूम बराबर झूम' में भी साथ नजर आए. प्रीति ने सनी के साथ भी ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई' और ‘फर्ज' जैसी फिल्मों में काम किया. वहीं सनी और बॉबी की फिल्म ‘दिललगी' में प्रीति ने खास रोल भी किया था. आज सालों बाद जब प्रीति उस रात का किस्सा सुनाती हैं तो डर की जगह हंसी आती है.
ये भी पढ़ें; Mirzapur The Movie Trailer: मिर्जापुर की गद्दी के लिए फिर होगी जंग, देखें मिर्जापुर फिल्म का ट्रेलर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं