प्रभास की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'द राजा साब' इस साल की शुरुआत में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज से पहले यह फिल्म काफी सुर्खियों में रही थी. लेकिन जब 'द राजा साब' ने बड़े पर्दे पर दस्तक दी तो बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक नहीं चल पाई. अब इस फिल्म के निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने इसकी नाकामी की वजह बताई है. उन्होंने कहा कि संक्रांति के मौसम में रिलीज करना सबसे बड़ी गलती थी.
'द राजा साब' का बजट
'द राजा साब' करीब 400 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी. लेकिन दुनियाभर में इसने सिर्फ करीब 208 करोड़ रुपये ही कमाए. फिल्म 9 जनवरी 2026 को संक्रांति के मौके पर रिलीज हुई थी. निर्देशक मरुति की इस फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, निधि अगेरवाल, मालविका मोहनन, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब ने काम किया था.
मंगलवार को हैदराबाद में अपनी आने वाली फिल्म 'गरिविडि लक्ष्मी' का प्रमोशन करते हुए निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने मीडिया से बात की. जब उनसे 'द राजा साब' की नाकामी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'हम अभी अच्छे मूड में हैं. 'द राजा साब' की बात करने से मूड खराब नहीं होता. सबसे बुनियादी गलती संक्रांति सीजन में फिल्म लाना था. अगर हमने इसे किसी और समय रिलीज किया होता, तो नतीजा अलग होता. अभी हम एंजॉय कर रहे हैं, तो एंजॉय करते हैं.'
क्या बोले टीजी विश्व प्रसाद
उन्होंने आगे बताया कि रिलीज के दिन प्रीमियर में देरी हुई और टिकट के दाम बढ़ाने की कोशिश भी की गई. यह उनकी कंपनी की पहली ऐसी कोशिश थी. इससे दर्शक नाराज हुए. उन्होंने कहा कि कई कारण थे, लेकिन समय का चुनाव सबसे बड़ा था.
जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या वे प्रभास के फैंस को निराश करने के बाद संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' से मुआवजा देंगे, तो विश्व प्रसाद ने साफ कहा, 'मैं 'स्पिरिट' का सिर्फ वितरक हूं. मुआवजा देने का मतलब क्या है?' 'द राजा साब' प्रभास के फैंस के लिए बड़ी उम्मीद थी, लेकिन रिलीज के बाद मिले औसत रिव्यू और कमजोर कलेक्शन ने सबको निराश किया.
यह भी पढ़ें | प्रभास की ‘स्पिरिट' और ‘फौजी' के लुक्स लीक, ‘कल्कि 2' और ‘सालार 2' को लेकर फैंस की बढ़ी एक्साइटमेंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं