सनी देओल और वरुण धवन अभिनीत फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. देशभक्ति की भावना, भावनात्मक कहानी और बड़े स्तर पर बनी यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है. फैमिली ऑडियंस बड़ी संख्या में फिल्म देखने पहुंच रही है और रिपीट ऑडियंस भी इसे दोबारा देख रही है. ट्रेड विश्लेषक गिरीश वानखेड़े के मुताबिक, “बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर पहले ही लगभग 300 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुकी है और दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: शराब के शौकीन है शाहरुख खान, जानें किससे बोले- आ जाओ मन्नत, दारू पीते हैं
क्या बोले ट्रेड विश्लेषक
इस फिल्म में दोबारा देखने लायक दम है और देशभक्ति की भावना दर्शकों को आकर्षित कर रही है, खासकर परिवार बड़ी संख्या में सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं. फिल्म की सफलता का बड़ा श्रेय फ्रेंचाइज़ की मजबूती और सनी देओल तथा वरुण धवन के अभिनय को जाता है. मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म करीब 450 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है और अगर विदेशों में भी मजबूती बनी रही तो यह फिल्म दुनिया भर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है.
500 करोड़ के आंकड़े पर फिल्म
अब जब इस हफ्ते ‘वध 2' रिलीज हो रही है, जो बहुत ज्यादा मास सिनेमा नहीं है, और अगले हफ्ते शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो' आ रही है, तो इन नई फिल्मों के कारण स्क्रीन की संख्या और सप्ताह के बीच के दिनों की कमाई पर असर पड़ेगा. लेकिन बॉर्डर फ्रेंचाइज की लोकप्रियता, सिंगल स्क्रीन क्षेत्रों में भरे हुए शो और दोबारा देखने वाले दर्शक इस फिल्म को 500 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में मदद करेंगे. सही वितरण रणनीति, छुट्टियों का फायदा और विदेशों में ज्यादा शो इस असर को कम कर सकते हैं और फिल्म की कमाई को आगे बढ़ा सकते हैं.”
बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो बॉर्डर 2 ने भारत में अब तक करीब 286.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है. वहीं भारत में ग्रॉस कमाई करीब 350 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुकी है. विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और वहां से अब तक करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका है. इस तरह फिल्म की दुनिया भर में कुल कमाई करीब 400 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
कई शो हाउसफुल
मंगलवार को फिल्म ने करीब 5.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जो सप्ताह के बीच के दिन के हिसाब से काफी मजबूत मानी जा रही है. सिंगल स्क्रीन इलाकों में अभी भी फिल्म के कई शो हाउसफुल चल रहे हैं और दर्शकों का उत्साह कम होता नहीं दिख रहा है.
सनी देओल का क्रेज गदर 2 के बाद एक बार फिर दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. यह हिंदी सिनेमा के लिए एक ऐसा वक्त है, जहां हिंदी सिनेमा के गुज़रे दशकों के कलाकार दर्शकों के दिलों में वापस जगह बना रहे हैं या उनका जादू एक बार फिर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है. फिर चाहे बात सनी देओल की हो या अक्षय खन्ना की, जहां गुज़री पीढ़ी और आज की पीढ़ी के बीच ये कलाकार एक ऐसी कड़ी जोड़ रहे हैं, जिसके ज़रिए हर पीढ़ी के दर्शक गुज़रे वक़्त के सिनेमा के साथ राब्ता बना सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं