बॉक्स ऑफिस पर हर शुक्रवार कई फिल्मों की किस्मत का फैसला होता है. इस बार भी एक तरफ जहां बड़ी स्टार कास्ट वाली फिल्म अल्फा रिलीज हुई, वहीं उसी दिन रिलीज हुई दूसरी फिल्म दर्शकों का ध्यान खींचने में पूरी तरह नाकाम रही. हालत ये है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने रिलीज के पांच दिनों में 3 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं किया. ऐसे में मेकर्स की चिंता बढ़ गई है और फिल्म को साल की बड़ी फ्लॉप फिल्मों में गिना जाने लगा है.
ये भी पढ़ें; 'न्यूड सीन कर लेना चाहिए था', 20 साल बाद छलका सैफ अली खान का दर्द
कमाई ने बढ़ाई मेकर्स की टेंशन
3 जुलाई को रिलीज हुई हुमा कुरैशी की 'बेबी डू डाई डू' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म नहीं कर सकी. फिल्म में हुमा लीड रोल में हैं और खास बात ये है कि वो इसकी प्रोड्यूसर भी हैं. उन्होंने अपने भाई साकिब सलीम के साथ मिलकर अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'सलीम सिब्लिंग' के बैनर तले इस फिल्म को बनाया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले पांच दिनों में दुनियाभर में सिर्फ 2.92 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. यानी पांच दिन बाद भी फिल्म 3 करोड़ रुपये का आंकड़ा नहीं छू सकी. इसी दौरान रिलीज हुई आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की 'अल्फा' बॉक्स ऑफिस पर लगातार जबरदस्त कमाई करती रही. जिसका असर भी इस फिल्म की कमाई पर देखने को मिला.
अब लागत निकालना भी मुश्किल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'बेबी डू डाई डू' का बजट करीब 25 करोड़ रुपये है. अगर मौजूदा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को देखें तो फिल्म अभी भी अपनी लागत से करीब 22 करोड़ रुपये पीछे चल रही है. ऐसे में थिएटरों से पूरी लागत निकालना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है. फिल्म की राह आगे और कठिन हो सकती है क्योंकि 10 जुलाई को अजय देवगन की 'धमाल 4' भी सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. नई बड़ी रिलीज के बाद स्क्रीन और दर्शक दोनों बंट सकते हैं, जिससे 'बेबी डू डाई डू' की कमाई पर और असर पड़ने की पूरी संभावना है. फिल्म एक क्राइम मिस्ट्री थ्रिलर है. जिसमें हुमा कुरैशी ने ऐसी लेडी का किरदार निभाया है जो बोल और सुन नहीं सकती. अपनी जुड़वा बहन की मौत का बदला लेने के लिए वो एक-एक कर कई लोगों को निशाना बनाती है. फिल्म में साकिब सलीम भी अहम भूमिका में नजर आए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं