OTT की दुनिया में कई वेब सीरीज आईं और चली गईं, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जो हर नए सीजन के साथ दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा देती हैं. पिछले 5 सालों से एक ऐसी ही पॉलिटिकल थ्रिलर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. सत्ता का संघर्ष, राजनीतिक साजिशें, चौंकाने वाले ट्विस्ट और दमदार किरदारों ने इसे दर्शकों की पसंदीदा सीरीज बना दिया है. अब तक इसके चार सीजन रिलीज हो चुके हैं और कुल 36 एपिसोड दर्शकों का मनोरंजन कर चुके हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसकी कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. हाल ही में इसके 5वें सीजन का भी ऐलान कर दिया गया है. हम बात कर रहे हैं हुमा कुरैशी स्टारर वेब सीरीज महारानी की.
ये भी पढ़ें: राम कपूर की हरकतों पर बीवी गौतमी हुईं शर्मिंदा, लॉकअप में जाकर इस एक्ट्रेस से मांगी माफी
जल्द आएगा महारानी का 5वां सीजन
महारानी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर 'महारानी 5' की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि नए सीजन की शूटिंग शुरू हो चुकी है. इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और फैंस इसके अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, मेकर्स ने अभी रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है.
बिहार की राजनीति पर आधारित है कहानी
2021 में शुरू हुई महारानी की कहानी बिहार की राजनीति पर आधारित है. इसमें सत्ता, संघर्ष और राजनीतिक समीकरणों को रोचक अंदाज में पेश किया गया है. सीरीज का केंद्र बिंदु रानी भारती का किरदार है, जिसे हुमा कुरैशी ने निभाया है. रानी भारती के सत्ता तक पहुंचने और फिर राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने की कहानी ने दर्शकों को हर सीजन में बांधे रखा. यही वजह है कि यह सीरीज हिंदी ओटीटी की पसंदीदा पॉलिटिकल ड्रामा सीरीज में गिनी जाती है.
अब तक आ चुके हैं 4 सीजन और 36 एपिसोड
महारानी Sony LIV की चर्चित ओरिजिनल वेब सीरीज है. पिछले सभी सीजन इसी OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किए गए थे. ऐसे में माना जा रहा है कि महारानी 5 भी Sony LIV पर ही स्ट्रीम होगी. पिछले 5 सालों में महारानी के 4 सीजन रिलीज हो चुके हैं. हर सीजन में नई राजनीतिक साजिशें और नए मोड़ देखने को मिले.
महारानी सीजन 1 (2021): 10 एपिसोड
महारानी सीजन 2 (2022): 10 एपिसोड
महारानी सीजन 3 (2024): 8 एपिसोड
महारानी सीजन 4 (2025): 8 एपिसोड
इस तरह अब तक सीरीज के कुल 36 एपिसोड रिलीज हो चुके हैं, लेकिन कहानी अभी भी कई सवालों के जवाब तलाश रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं