Awarapan 2 vs Batwara 1947 Box Office Collection Day 1: लंबे इंतजार के बाद इमरान हाशमी की आवारापन 2 और सनी देओल की बंटवारा 1947 ने बड़े पर्दे पर दस्तक दे डाली है. ऐसे में सिनेमाघरों में बड़ी टक्कर देखने को मिली है. बॉक्स ऑफिस पर आवारापन 2 बनाम बंटवारा 1947 हो गया है. बीते दिनों दोनों ही फिल्मों के ट्रेलर को दर्शकों का खूब प्यार मिला था. अब आवारापन 2 और बंटवारा 1947 के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आ गया है. जिसमें पहले दिन इमरान हाशमी ने बॉक्स ऑफिस की बाजी जीत ली है.
आवारापन 2 बनाम बंटवारा 1947
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक शुक्रवार शाम तक आवारापन 2 ने भारत में करीब 15.57 करोड़ रुपये नेट कमाए हैं. फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन लगभग 18.37 करोड़ रुपये पहुंच गया है. यह फिल्म 7,872 शोज में चल रही है. वहीं बंटवारा 1947 ने अभी तक भारत में करीब 3.44 करोड़ रुपये नेट और 4.06 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए हैं. यह फिल्म 7,684 शोज में चल रही है. हालांकि यह आंकड़े अभी फाइनल नहीं हैं क्योंकि शाम और रात के कई शोज बाकी हैं.
आवारापन 2 ने की चार गुना कमाई
फिर भी इस वक्त आवारापन 2 का कलेक्शन बंटवारा 1947 से चार गुना से भी ज्यादा है. थिएटर में ऑक्यूपेंसी भी आवारापन 2 की बेहतर है. इसकी औसत ऑक्यूपेंसी करीब 35 प्रतिशत बताई जा रही है, जबकि बंटवारा 1947 की सिर्फ 12 प्रतिशत है. आवारापन 2 को इतनी अच्छी शुरुआत मिलने की सबसे बड़ी वजह पुरानी फिल्म का क्रेज है. 2007 में रिलीज हुई मूल आवारापन बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ा हिट नहीं बनी थी, लेकिन सालों बाद लोगों ने उसे काफी पसंद किया. इमरान हाशमी का शिवम वाला किरदार, कहानी का भावनात्मक अंदाज और गाने आज भी याद किए जाते हैं. लगभग दो दशक बाद उसी किरदार में लौटने से दर्शकों में नॉस्टैल्जिया जागा है. फिल्म में दिशा पटानी, शबाना आजमी और सुविंदर विक्की भी हैं.
बंटवारा 1947 के बारे में
दूसरी तरफ बंटवारा 1947 की शुरुआत धीमी रही है. राजकुमार संतोषी की डायरेक्शन और आमिर खान की प्रोडक्शन वाली इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल हैं. कहानी भारत के बंटवारे पर आधारित है. सनी देओल सिकंदर मिर्जा का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म में बंटवारे का दर्द, विस्थापन और सांप्रदायिक तनाव दिखाया गया है. यह सनी देओल और राजकुमार संतोषी की पुरानी जोड़ी का एक और साथ है.
पिक्चर अभी बाकी है
अभी आवारापन 2 पहले दिन की जीत साफ तौर पर अपने नाम कर रही है. लेकिन बॉक्स ऑफिस की लड़ाई खत्म नहीं हुई है. 15 अगस्त को छुट्टी है और लंबा वीकेंड दोनों फिल्मों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. अगर बंटवारा 1947 के बारे में अच्छा वर्ड ऑफ माउथ फैला तो इसके आंकड़े सुधर सकते हैं. फिलहाल इमरान हाशमी की आवारापन 2 पहले राउंड में आगे है. अंतिम नतीजा आने वाले दिनों में साफ होगा.
ये भी पढ़ें; होटल में गाते थे कुमार सानू, फिर जगजीत सिंह ने पहचानी आवाज, कार में बैठाकर ले गए स्टूडियो, ऐसे बदली किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं