विज्ञापन

500 लड़कियों को पछाड़ गदर की सकीना बनी थीं अमीषा पटेल, पढाई में गोल्ड मेडलिस्ट है ये एक्ट्रेस

अमीषा पटेल 9 जून को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करती हैं. इस मौके पर उनकी कुछ खूबसूरत तस्वीरों के साथ पढ़िए डेब्यू फिल्म कैसे अचानक गिरी झोली में और गदर में कैसे मिली सकीना का रोल.

500 लड़कियों को पछाड़ गदर की सकीना बनी थीं अमीषा पटेल, पढाई में गोल्ड मेडलिस्ट है ये एक्ट्रेस
अमीषा पटेल 9 जून को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करती हैं.
Social Media
नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने अपने करियर की शुरुआत में ही जबरदस्त पहचान बनाई थी. डेब्यू फिल्म कहो ना प्यार है तो सुपरहिट हुई ही. उनकी फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' भी खूब चली. इस फिल्म में उनका किरदार सकीना आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. इस किरदार के लिए अमीषा ने 500 से ज्यादा लड़कियों के बीच बाजी मारी थी और कई घंटों ऑडिशन दिया था. अमीषा पटेल का जन्म 9 जून 1975 को मुंबई में एक गुजराती परिवार में हुआ था.

अमीषा ने मुंबई में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चली गईं. उन्होंने टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की. पढ़ाई में वह इतनी तेज थीं कि उन्होंने गोल्ड मेडल तक हासिल किया और कॉलेज की हेड गर्ल भी बनीं. एक टॉपर स्टूडेंट होने के बावजूद उनका मन फिल्मों की दुनिया की ओर खींचता चला गया.

Latest and Breaking News on NDTV

भारत लौटने के बाद उन्होंने थिएटर से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की. वह प्रसिद्ध रंगकर्मी सत्यदेव दुबे के थिएटर ग्रुप से जुड़ीं, जहां उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं. इसके साथ ही उन्होंने मॉडलिंग और विज्ञापन जगत में भी कदम रखा.

साल 2000 में अमीषा के करियर को बड़ा ब्रेक मिला, जब उन्हें निर्देशक राकेश रोशन की फिल्म 'कहो ना... प्यार है' में काम करने का मौका मिला. फिल्म में उनके साथ ऋतिक रोशन मुख्य भूमिका में थे. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफल रही. इसी फिल्म ने अमीषा को रातों-रात स्टार बना दिया. उनकी मासूमियत और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसी सफलता के बाद, उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया और तेलुगु फिल्म 'बद्री' में नजर आईं.

Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' से मिली. फिल्म में निभाया गया उनका 'सकीना' का किरदार आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है. इस फिल्म के लिए उनका सिलेक्शन आसान नहीं था. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस किरदार के लिए बड़ी संख्या में अभिनेत्रियों का ऑडिशन लिया गया था, जिसके बाद अमीषा को चुना गया. कहा जाता है कि इस रोल के लिए 500 से ज्यादा लड़कियों ने ऑडिशन दिया था. इतना ही नहीं अमीषा ने करीब 12 घंटे तक लगातार ऑडिशन दिया था.

Latest and Breaking News on NDTV

इसके बाद 2002 में उनकी फिल्म 'हमराज' रिलीज हुई जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया. लेकिन इसके बाद उनके करियर में उतार-चढ़ाव आने शुरू हो गए. उन्होंने 'ये जिंन्दगी का सफर', 'क्रांति', 'क्या यही प्यार है', 'आप मुझे अच्छे लगने लगे', 'ये है जलवा', 'परवाना', 'सुनो ससुर जी', 'हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड', 'भूल भुलैया' और 'थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक' जैसी कई फिल्मों में काम किया, इनमें से कुछ फिल्में फ्लॉप रहीं, वहीं कुछ ने ठीक-ठाक कमाई की.

कई वर्षों बाद 2023 में रिलीज हुई 'गदर 2' के जरिए अमीषा पटेल ने एक बार फिर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया. फिल्म में उन्होंने एक बार फिर 'सकीना' के अपने चर्चित किरदार को पर्दे पर जीवंत किया.

यह भी पढ़ें: Bigg Boss होस्ट करेंगे सौरव गांगुली! पूरी जानकारी के लिए पढ़ें रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com