स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस बार बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलने वाला है. एक तरफ इमरान हाशमी की ‘अवारापन 2' है, जिसके साथ 2007 में आई फिल्म की पुरानी यादें जुड़ी हैं. दूसरी तरफ सनी देओल की ‘बंटवारा 1947' है, जो देश के बंटवारे की कहानी को पर्दे पर लेकर आ रही है. रिलीज से पहले ही दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग ने तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है. शुरुआती आंकड़ों में ‘अवारापन 2' ने ‘बंटवारा 1947' को काफी पीछे छोड़ दिया है. ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, इमरान की फिल्म को दर्शकों का ज्यादा प्यार मिलता दिख रहा है.
‘अवारापन 2' की बंपर एडवांस बुकिंग
Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ‘अवारापन 2' ने अब तक करीब 1.6 करोड़ रुपये की ग्रॉस बुकिंग कर ली है. फिल्म के करीब 46,050 टिकट बिक चुके हैं और ये बुकिंग 3,319 शोज के लिए हुई है. अगर ब्लॉक की गई सीटों को भी शामिल किया जाए तो फिल्म की टेंटेटिव ग्रॉस कमाई करीब 2.96 करोड़ रुपये तक पहुंच रही है. राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र सबसे आगे है. जहां फिल्म ने करीब 69.25 लाख रुपये की बुकिंग की है. इसके बाद दिल्ली से 64 लाख, उत्तर प्रदेश से 30 लाख, गुजरात से 27.63 लाख और पश्चिम बंगाल से करीब 20 लाख रुपये की बुकिंग हुई है.
फिल्म की मजबूत एडवांस बुकिंग के पीछे 2007 में आई पहली ‘अवारापन' की पॉपुलैरिटी को भी बड़ी वजह माना जा रहा है. वक्त के साथ इस फिल्म ने दर्शकों के बीच एक खास फैन बेस बनाया है. ‘अवारापन 2' को डायरेक्शन नितिन कक्कड़ ने दिया है. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी नजर आएंगी.
‘बंटवारा 1947' की रफ्तार धीमी
वहीं सनी देओल की ‘बंटवारा 1947' की एडवांस बुकिंग फिलहाल ‘अवारापन 2' से काफी पीछे है. फिल्म ने करीब 43.24 लाख रुपये की डे-वन एडवांस बुकिंग की है. इसके 13,004 टिकट 3,132 शोज के लिए बिक चुके हैं. ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर फिल्म की संभावित ग्रॉस करीब 1.44 करोड़ रुपये है. ‘बंटवारा 1947' की बुकिंग में दिल्ली सबसे आगे है. जहां से करीब 32.42 लाख रुपये आए हैं. महाराष्ट्र से 32.19 लाख, गुजरात से 16.97 लाख, राजस्थान से 13 लाख और उत्तर प्रदेश से 11.86 लाख रुपये की बुकिंग हुई है. फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें; दर्द, जुदाई और अधूरी मोहब्बत का एहसास करवाता है इमरान हाशमी की फिल्म का ये गाना, 19 साल से हर आशिक का पसंदीदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं