भोजपुरी सिनेमा की ग्लैमरस और बेबाक स्टार अक्षरा सिंह इन दिनों सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं. एक तरफ अक्षय कुमार के साथ उनका गाना 'घिस घिस' दर्शकों की प्लेलिस्ट में छाया हुआ है, तो दूसरी तरफ एक्ट्रेस को ऐसा सम्मान मिला है जिसने उन्हें भावुक कर दिया. हाल ही में अक्षरा सिंह ने अपने करियर का पहला 'बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड' जीता और इस खास पल को फैंस के साथ शेयर करते हुए अपनी पूरी जर्नी को याद किया. उनकी तस्वीरें और भावुक बातें अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं.
हाथ में ट्रॉफी, चेहरे पर मुस्कान और आंखों में भावनाएं
अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर अवॉर्ड के साथ कई तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों में उनके चेहरे की खुशी साफ नजर आ रही है. एक्ट्रेस ने बताया कि ये तस्वीरें उन्हें कुछ देर से मिलीं, लेकिन जैसे ही तस्वीरें हाथ लगीं, वो अपनी खुशी फैंस के साथ बांटे बिना नहीं रह सकीं. उन्होंने कहा कि इस सम्मान ने उन्हें अपने संघर्ष, मेहनत और अब तक के सफर की याद दिला दी.
ये भी पढ़ें- MMA फाइटर हैं राम चरण के बॉडीगार्ड, पेड्डी एक्टर को देख बेकाबू फैन को उठाकर कर दिया साइड, देखें वीडियो
'घिस घिस' की सफलता के बीच मिला बड़ा तोहफा
अक्षरा के लिए ये खुशी इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में रिलीज हुआ उनका गाना 'घिस घिस' लोगों का भरपूर प्यार बटोर रहा है. एक्ट्रेस का कहना है कि जब मेहनत की तारीफ मिलती है तो उसका एहसास ही अलग होता है. गाने की सफलता और अब मिला अवॉर्ड उनके लिए किसी डबल सेलिब्रेशन से कम नहीं है.
माता-पिता को बताया अपनी सबसे बड़ी ताकत
अपनी पोस्ट में अक्षरा ने माता-पिता का खास जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि उनके जीवन में जो भी उपलब्धियां आई हैं, उनमें परिवार का सबसे बड़ा योगदान रहा है. माता-पिता का प्यार, आशीर्वाद और भरोसा ही उनकी असली ताकत है, जिसने हर मुश्किल वक्त में उन्हें संभाले रखा.
रवि किशन के लिए कही दिल छू लेने वाली बात
अक्षरा सिंह ने भोजपुरी स्टार और सांसद रवि किशन को भी अपनी सफलता का अहम हिस्सा बताया. उन्होंने लिखा कि रवि किशन वो शख्स हैं जिन्होंने सबसे पहले उनमें एक एक्ट्रेस देखी और बड़े सपने देखने का हौसला दिया. उनकी सलाह, मार्गदर्शन और भरोसे ने अक्षरा का आत्मविश्वास बढ़ाया. यही वजह रही कि अवॉर्ड मिलने के बाद एक्ट्रेस ने उनके पैर छूकर सम्मान जताया. ये तस्वीर फैंस को भी खूब पसंद आ रही है.
फैंस बोले- मेहनत का मिला इनाम
अक्षरा की पोस्ट पर फैंस लगातार प्यार बरसा रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि सालों की मेहनत और संघर्ष के बाद उन्हें ये सम्मान मिला है. वहीं कुछ फैंस का मानना है कि 'घिस घिस' की सफलता और ये अवॉर्ड उनके करियर का नया और बेहद खास अध्याय साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें- दूरदर्शन पर लौटे पुराने दिन, 25 साल पहले पॉपुलर कॉमेडी शो की वापसी, एक्ट्रेस बोलीं- कोई नहीं कर सकता रिप्लेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं