रियलिटी शो 'लॉक अप' अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और जैसे-जैसे फिनाले करीब आ रहा है, वैसे-वैसे शो का माहौल और भी दिलचस्प होता जा रहा है. इस बार चर्चा का कारण बनी हैं टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला. शो में उन्होंने ऐसी बात कह दी, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया. आकांक्षा को डर है कि अगर उनका तीसरा सीक्रेट सबके सामने आ गया, तो सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि उनके पति गौरव खन्ना को भी लोगों की बातें सुननी पड़ सकती हैं. इतना ही नहीं, उन्हें अपने परिवार के रिएक्शन की भी सबसे ज्यादा चिंता सता रही है.
फिनाले से पहले आया नया ट्विस्ट
शो में कंटेस्टेंट्स को एक खास टास्क दिया गया. हर खिलाड़ी के पास किसी दूसरे कंटेस्टेंट का सीक्रेट था और उसे तय करना था कि किसका राज सबके सामने खोला जाए. इसी टास्क के दौरान आकांक्षा का तीसरा सीक्रेट भी चर्चा में आ गया. तभी से वो लगातार परेशान नजर आईं.
बार-बार की सीक्रेट न खोलने की रिक्वेस्ट
टास्क के दौरान आकांक्षा ने श्रेया कालरा से कहा कि वो उनका आखिरी सीक्रेट किसी भी कीमत पर सामने न लाएं. उन्होंने कहा कि अब उनके पास छिपाने के लिए सिर्फ एक ही सीक्रेट बचा है और वो चाहती हैं कि उसे कोई न खोले. लेकिन श्रेया ने साफ कह दिया कि अगर मौका मिला तो वो यही सीक्रेट सबके सामने रखेंगी.
पति और परिवार को लेकर सता रहा डर
बाद में पामेला से बात करते हुए आकांक्षा काफी इमोशनल हो गईं. उन्होंने कहा कि वो एक पब्लिक फिगर हैं और उनके पति गौरव खन्ना भी टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं. अगर तीसरा सीक्रेट सामने आया तो लोग उन्हें और गौरव को ही याद रखेंगे. आकांक्षा ने ये भी कहा कि उन्हें डर है कि उनका परिवार इस बात से बहुत नाराज हो जाएगा और उनसे कई सवाल करेगा.
पहले भी खुल चुके हैं दो बड़े राज
इससे पहले शो में आकांक्षा बता चुकी हैं कि वो और गौरव खन्ना कुछ समय तक अलग रह चुके थे और दोनों के बीच तलाक की बात भी हुई थी. हालांकि बाद में गौरव ने शो में आकर साफ किया था कि दोनों ने कानूनी तौर पर तलाक की प्रक्रिया शुरू नहीं की थी. वहीं उनका दूसरा सीक्रेट तब सामने आया था, जब उन्होंने माना था कि शादी से पहले वो महिलाओं के साथ भी रिश्ते में रह चुकी हैं. अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि आखिर उनका तीसरा सीक्रेट क्या है और क्या फिनाले से पहले उससे जुड़ा सस्पेंस खत्म होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं