अभिषेक बच्चन अब कुछ नया करने जा रहे हैं, जिसके बारे में फैंस को शायद ही कोई अंदाजा होगा. अगर आप भी अभिषेक बच्चन के बारे में अच्छे से जानते हैं तो उनको हमेशा से ही स्पोर्ट्स से खासा लगाव रहा है. अभिषेक बच्चन की प्रो कबड्डी लीग टीम का नाम जयपुर पिंक पैंथर्स है. उन्होंने साल 2014 में इस फ्रेंचाइजी को खरीदा था. लेकिन अब वो सिर्फ खेल टीमों के मालिक बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि अब वो यूरोप में अपनी एक प्रोफेशनल क्रिकेट लीग बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. वो यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के को-फाउंडर और को-ओनर हैं. ये एक नई इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट लीग है, जिसमें आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स की टीमें हिस्सा लेंगी. इस कदम के साथ अभिषेक बच्चन खेल जगत में अपनी भागीदारी को और बड़ा कर रहे हैं और यूरोप में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की कोशिश कर रहे हैं.
उनकी इस नई शुरूआत के लिए अमिताभ बच्चन ने उनका सपोर्ट किया. अमिताभ ने अपने एक्स अकाउंट पर अभिषेक का वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- T 5832... इस नए प्रयास के लिए मेरी ओर से ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद, भाईयू. मेरी दुआ है कि यह पहल भी उतनी ही सफल हो, जितनी सफलता तुम्हें खेलों से जुड़ी अपनी दूसरी पहलों में मिली है."
T 5832 ... all my prayers and good wishes for this new venture Bhaiyuu .. may this also prosper just like the other initiatives in sport that you have commandeered .. ❤️ 💪 https://t.co/w06VMA5nCu
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) August 21, 2026
बता दें कि ये कदम अभिषेक बच्चन की स्पोर्ट्स जर्नी का एक नया चैप्टर है. इससे पहले वो भारत में कबड्डी और फुटबॉल टीमों के मालिक रह चुके हैं. अब वो यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के जरिए क्रिकेट में भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. इस लीग को आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स के क्रिकेट बोर्ड्स के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है और इसकी शुरुआत 2026 में होने वाली है. लीग में कुल 6 टीमें होंगी, जो डबलिन, बेलफास्ट, एडिनबर्ग, ग्लास्गो, रॉटरडैम और एम्स्टरडैम का प्रतिनिधित्व करेंगी. इसके साथ ही यूरोप में क्रिकेट को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है.
मौजूदा टीमों के मालिक बनने से लेकर नई स्पोर्ट्स लीग बनाने तक
अभिषेक बच्चन पहले से ही खेलों की दुनिया में एक्टिव रहे हैं. वो प्रो कबड्डी लीग की जयपुर पिंक पैंथर्स और इंडियन सुपर लीग की चेन्नैयिन एफसी टीम के मालिकों में शामिल हैं. इन दोनों टीमों के साथ काम करने से उन्हें प्रोफेशनल खेल प्रबंधन का अच्छा अनुभव मिला. क्रिकेट पर सबसे ज्यादा ध्यान दिए जाने वाले भारतीय खेल माहौल से अलग, अभिषेक ने कबड्डी और फुटबॉल जैसे खेलों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. अब यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के जरिए वह खेल जगत में एक नया मंच तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं.
ईटीपीएल (ETPL) के साथ अभिषेक बच्चन खेलों की दुनिया में एक कदम और आगे बढ़ गए हैं. पहले वह किसी लीग में एक टीम के मालिक के रूप में जुड़े थे, लेकिन अब वह ऐसी टीम का हिस्सा हैं जो पूरी लीग का स्ट्रक्चर तैयार कर रही है. इस टूर्नामेंट में छह शहरों की टीमें हिस्सा लेंगी और यह आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स के क्रिकेट मार्केट्स को एक मंच पर लाएगा. इसका मकसद इन तीनों देशों को जोड़ते हुए एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता तैयार करना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं