विज्ञापन

अमिताभ बच्चन संग पहली फिल्म, फिर भी काम के लिए दर-दर भटका ये एक्टर, टीवी वालों ने भी कर दिया था रिजेक्ट

पहली ही फिल्म में अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार के साथ काम करने के बावजूद इस एक्टर का करियर पटरी पर नहीं आ पाया. फिल्म फ्लॉप होते ही इंडस्ट्री ने दूरी बना ली और लंबे समय तक काम के लिए संघर्ष करना पड़ा.

अमिताभ बच्चन संग पहली फिल्म, फिर भी काम के लिए दर-दर भटका ये एक्टर, टीवी वालों ने भी कर दिया था रिजेक्ट
अमिताभ बच्चन संग पहली फिल्म, फिर भी काम के लिए दर-दर भटका ये एक्टर

बॉलीवुड में कई चेहरे ऐसे आए, जिनकी एंट्री देखकर लगा कि अब ये एक्टर लंबी रेस का खिलाड़ी साबित होगा. पहली ही फिल्म में सामने हों अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार, बड़े डायरेक्टर का साथ हो और इंडस्ट्री में चर्चा शुरू हो जाए, तो किसी का भी करियर उड़ान पकड़ सकता है. लेकिन इस एक्टर की कहानी बिल्कुल उल्टी निकली. जिस फिल्म से उसे पहचान मिलने की उम्मीद थी, वही उसके लिए सबसे बड़ा झटका बन गई. फिल्म फ्लॉप हुई और इसके बाद काम मिलना तक बंद हो गया. हालत यहां तक पहुंच गई कि टीवी इंडस्ट्री ने भी दूरी बना ली. अगर आप अब तक नहीं समझ पाए, तो बता दें कि ये कहानी किसी और की नहीं, बल्कि अभिमन्यु सिंह की है.

ये भी पढ़ें: भरतनाट्यम की वजह से ट्रोल हो रहीं अनन्या पांडे पर पापा चंकी पांडे ने दिया रिएक्शन, बोले- पहले फिल्म देखें फिर राय बनाएं

8 साल थिएटर किया, तब जाकर मिला था बड़ा मौका

अभिमन्यु सिंह ने फिल्मों में आने से पहले करीब 8 साल तक थिएटर में पसीना बहाया था. एक्टिंग उनके लिए सिर्फ प्रोफेशन नहीं, बल्कि दीवानगी थी. इसी दौरान मनोज बाजपेयी ने उनका प्ले देखा और इतने इंप्रेस हुए कि उनका नाम फिल्ममेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा को सुझा दिया. इसके बाद स्क्रीन टेस्ट हुआ और अभिमन्यु को फिल्म ‘अक्स' में काम मिल गया. खास बात ये थी कि उनकी पहली ही फिल्म में अमिताभ बच्चन लीड रोल में थे.

पहली फिल्म ने ही बिगाड़ दिया खेल

जिस फिल्म को अभिमन्यु अपने करियर का सबसे बड़ा मौका समझ रहे थे, वही उनके लिए सबसे बड़ा झटका बन गई. ‘अक्स' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई और इसका असर सीधे उनके करियर पर पड़ा. एक्टर ने खुद बताया कि फिल्म के बाद अचानक काम मिलना बंद हो गया. इंडस्ट्री में लोग उन्हें पहचान तो रहे थे, लेकिन कोई काम देने को तैयार नहीं था.

टीवी इंडस्ट्री से भी नहीं आया कॉल

एक इंटरव्यू में अभिमन्यु सिंह ने खुलासा किया कि लोगों को लगता था अमिताभ बच्चन के साथ डेब्यू करने के बाद उनका करियर सेट हो गया होगा. लेकिन सच्चाई बिल्कुल उल्टी थी. उन्होंने बताया कि फिल्म फ्लॉप होने के बाद उन्हें टीवी सीरियल्स तक में काम नहीं मिल रहा था. एक समय ऐसा आया जब वो पूरी तरह खाली बैठे थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आगे क्या करना है.

फिर ऐसे बदली किस्मत

हालांकि अभिमन्यु सिंह ने हार नहीं मानी. उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और खुद को साबित करने में लगे रहे. बाद में ‘रक्त चरित्र' जैसी फिल्मों ने उनकी किस्मत बदल दी. आज वो इंडस्ट्री के दमदार एक्टर्स में गिने जाते हैं और उनके निगेटिव रोल्स को काफी पसंद किया जाता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com