Ek Din Advance Booking: आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साउथ स्टार साई पल्लवी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दिन' रिलीज के लिए तैयार है. इस फिल्म की एक अनोखी रणनीति है इसकी एडवांस बुकिंग, जो 39 दिन पहले ही शुरू हो गई थी. 'जस्ट टू फिल्मी' के साथ बातचीत में आमिर ने बताया कि यह फैसला क्यों लिया गया. बातचीत के दौरान, आमिर ने बताया कि यह आइडिया सबसे पहले टीम के ही किसी सदस्य ने दिया था. उन्होंने कहा, "सच तो यह है कि 'एक दिन' एक बहुत छोटी फिल्म है, इसमें ऐसे कलाकार हैं जो बिल्कुल नए हैं.
एडवांस बुकिंग की रणनीति के बारे में आमिर ने क्या कहा
उन्होंने कहा, जुनैद ने अभी-अभी अपना करियर शुरू किया है और साई पल्लवी हिंदी में अपनी पहली फिल्म कर रही हैं. इसलिए मुझे लगा कि इस फिल्म को दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए थोड़ा ज़्यादा समय चाहिए होगा. इसलिए हम जितनी जल्दी शुरुआत करेंगे, उतना ही बेहतर होगा. यह एक ऐसी कहानी है जिस पर मुझे पूरा भरोसा है और मैं खुद भी काफी भावुक किस्म का दर्शक हूं."
यह भी पढ़ें: NDTV युवा 2026 में सान्या मल्होत्रा ने बताया कैसी थी दिलजीत दोसांझ से पहली मुलाकात
'किसी को नहीं पता कि फिल्म अच्छा करेगी या नहीं'
आमिर ने डायरेक्टर सुनील पांडे की तारीफ करते हुए कहा, 'उन्होंने बहुत ही शानदार काम किया है. उन्होंने इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत की है. वे बहुत ही लगन वाले इंसान हैं. हममें से किसी को नहीं पता कि फिल्म अच्छा करेगी या नहीं, लेकिन मेरे लिए जो सबसे ज़रूरी बात है, वह यह है कि क्या हम स्क्रिप्ट को फिल्म में पूरी तरह से उतार पाए हैं. मेरे लिए, सफलता का पहला पैमाना यही है. इसलिए जब मैं आज फिल्म देखता हूं, तो मुझे लगता है कि सुनील ने स्क्रिप्ट में जो कुछ भी था, उसे पूरी ईमानदारी के साथ फिल्म में उतारा है. बेशक, फिल्म की सफलता को समझने के लिए आंकड़े भी जरूरी होते हैं, लेकिन अगर कोई ऐसी फिल्म अच्छा कर जाए जो आपको पसंद ही न हो, तो? मैं ऐसी सफलता से खुश नहीं होता.'
यह भी पढ़ें: महाभारत में इस एक्ट्रेस ने कुंती बन जीता था दिल, बी ग्रेड फिल्मों ने बर्बाद किया करियर, बिता रहीं गुमनाम जिंदगी
'एक दिन' के बारे में
सुनील पांडे के निर्देशन में बनी 'एक दिन' एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले मंसूर खान, आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है. इस फिल्म में साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में है. यह फिल्म 2016 की थाई फिल्म 'वन डे' का रीमेक है. इसकी कहानी एक ऐसे नौजवान के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अपनी ही एक सहकर्मी से प्यार हो जाता है, लेकिन उसमें अपने दिल की बात कहने की हिम्मत नहीं होती. वह बस एक दिन उस लड़की के साथ बिताना चाहता है और उसको हैरानी का तब कोई ठिकाना नहीं रहता, जब उसकी यह मुराद सच हो जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं