AI की दुनिया अपार है और इसकी महिमा अपरंपार है. यहां अपरंपार इसलिए कह रहे हैं क्योंकि चाहे कोडिंग करवालो, बिजनेस आइडिया डिसक्स कर लो, रेसिपी पूछलो, फैशन ट्रेंड पूछ लो या फिर अपने लिए प्रेजेंटेशन बनवा लो. ये AI आज के जमाने का जीनी हो गया है. आप बस सही कमांड फेंकिए आपको सही रिजल्ट तैयार मिलेगा. AI के इतने काम क्या कम थे फिर सोशल मीडिया पर कुच्चू पुच्चू वाले वीडियो आने लगे, तोरी और टमाटर की लव स्टोरी सुनने को मिलने लगीं. लेकिन इन सबमें बाजी मार गए धार्मिक वीडियो जिन्हें आप देखें तो सिनेमैटिक डिटेलिंग देखकर दंग रह जाएंगे. इनकी फाइन डिटेलिंग इन्हें हॉलीवुड की एनिमेटेड सीरीज के लेवल का बनाती हैं. अगर आपने हाल में रिलीज हुए 4000 करोड़ की रामायण का नया ट्रेलर देखा है तो आप समझ सकते हैं कि फाइन डिटेलिंग का क्या असर होता है. आज हम आपको यूट्यूब पर मिलियन व्यूज बटोर चुकी AI से बने एक वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं.
हम जिस वीडियो के बारे में बता रहे हैं वह 'कृष्ण कहते हैं' नाम के यूट्यूब चैनल पर शेयर कि गया है. इस वीडियो में मां दुर्गा और महिषासुर के युद्ध की कथा दिखाई गई है. इस AI वीडियो को देखेंगे तो आप भी कहेंगे कि भाई अगर ऐसा काम एक आदमी केवल एक कम्पयूटर पर बैठे कर सकता है तो फिर आगे चलकर वीएफएक्स और एनिमेशन इंडस्ट्री में तो एक बड़ा बदलाव आने वाला है.
अगर हम इंटरनेशनल लेवल पर वीएफएक्स की जरिए बनी शानदार फिल्मों की बात करें तो इनमें द लॉर्ड ऑफ रिंग्स ट्रायोलॉजी, जुरासिक पार्क, प्लैनेट ऑफ एप्स (रीबूट सीरीज), जंगल बुक, टर्मिनेटर 2, एवेंजर्स एंडगेम जैसी फिल्में शामिल हैं. जो कि मोटे बजट में बनी हैं. वहीं इन मेगा बजट फिल्मों को टक्कर देने के लिए मार्केट में AI के अलग अलग टूल्स भी हैं जो कि स्क्रीन पर ऐसे रिजल्ट दे रहे हैं जिन्हें देखकर आप हैरान रह सकते हैं. फिलहाल जिस वीडियो की वजह से हम ये बातें कर रहे हैं वह एक धार्मिक वीडियो है.
वीडियो में दिखाई गई मां दुर्गा की कहानी
यूट्यूब पर एक मिलियन से ज्यादा बार देखे जा चुके इस वीडियो को नवरात्रि 2026 की शुरुआत पर शेयर किया गया था. इस वीडियो के साथ मेकर ने डिस्क्रिप्शन में लिखा, मां दुर्गा और महिषासुर की यह दिव्य कथा केवल एक महायुद्ध की कहानी नहीं है. यह धर्म की अधर्म पर, सत्य की अहंकार पर, और बुराई के विरुद्ध नारी शक्ति के उदय की एक शाश्वत गाथा है. हिंदू पौराणिक कथाओं पर आधारित इस सिनेमैटिक प्रस्तुति में, महिषासुर की यात्रा को देखें — कैसे उसे ब्रह्मा जी से शक्तिशाली वरदान मिला, उसने तीनों लोकों को जीता, देवताओं को चुनौती दी और खुद को अजेय मानने लगा.
सोशल मीडिया पर वायरल AI कथाएं
यह सिर्फ किसी एक यूट्यूब या इंस्टा पेज की बात नहीं. सोशल मीडिया पर ऐसे कई चैनल हैं जो त्योहार के मौकों पर अलग अलग तरह का कंटेंट बनाकर व्यूज बटोरने का काम करते हैं. कई वीडियोज में तो पूजा की थाली में रखा नारियल खुद ही अपने फायदे नुकसान व पूजा विधि बताने लगता है. कई वीडियो में भगवान अपने भक्तों से बात करते नजर आते हैं. कुलमिलाकर सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर ऐसा बहुत कंटेंट मौजूद है जो आपको हैरान कर जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं