शादी का घर हो, हाथों में मेहंदी लगी हो और चारों तरफ खुशियों का माहौल हो, तो बॉलीवुड के कुछ गाने अपने आप याद आ जाते हैं. ऐसा ही एक गाना 26 साल पहले रिलीज हुआ था, जो आज भी शादी-ब्याह के मौके पर खूब सुनाई देता है. इस गाने में मेहंदी की खुशबू है, प्यार की शरारत है और शादी की खुशियों का रंग भी. करिश्मा कपूर के डांस और चार मशहूर गायकों की आवाज ने इसे खास बना दिया. फिल्म ‘चल मेरे भाई' का यह गाना ‘मेहंदी रंग लाई' है, जो आज भी शादी की प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है.
चार दिग्गज गायकों ने दी आवाज
‘मेहंदी रंग लाई' गाने को उदित नारायण, सोनू निगम, अलका याग्निक और जसपिंदर नरूला ने गाया है. गाने का संगीत आनंद-मिलिंद ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल समीर ने लिखे थे. गाने में मेहंदी के रंग, सगाई और शादी की खुशियों को दिखाया गया है. इसके बोलों में एक-दूसरे के लिए प्यार और रिश्तों की मिठास है. गाने में करिश्मा कपूर मैरून ड्रेस और खूबसूरत अंदाज में नजर आती हैं. उनके डांस और चेहरे के एक्सप्रेशन गाने को और खास बना देते हैं. यह गाना शादी के जश्न में शामिल होने वाले लोगों को आज भी थिरकने पर मजबूर कर देता है.
‘चल मेरे भाई' में नजर आए थे सलमान और संजय
यह गाना साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘चल मेरे भाई' का हिस्सा है. फिल्म में सलमान खान, संजय दत्त और करिश्मा कपूर मुख्य भूमिका में थे. डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दलिप ताहिल, सुषमा सेठ, शक्ति कपूर और हिमानी शिवपुरी जैसे कलाकार भी नजर आए थे.
फिल्म की कहानी दो भाइयों विक्रम और प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती है. विक्रम का किरदार संजय दत्त और प्रेम का किरदार सलमान खान ने निभाया था. दोनों भाइयों को सपना नाम की लड़की से प्यार हो जाता है, जिसका किरदार करिश्मा कपूर ने निभाया था. इसके बाद कहानी में प्यार, त्याग और रिश्तों के कई मोड़ आते हैं.
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली थी फिल्म
‘चल मेरे भाई' 5 मई 2000 को रिलीज हुई थी. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब 11.65 करोड़ रुपये नेट कमाए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही, लेकिन इसका गाना ‘मेहंदी रंग लाई' आज भी शादी के जश्न में खूब पसंद किया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं