गुनगुनी दोपहर हो और कानों में मधुर सुर गूंज रहे हों तो दिन अपने आप सुकून भरा लगने लगता है. ऐसा ही एक गाना है जो सालों बीत जाने के बाद भी अपनी मिठास नहीं खोता. यही नहीं, इस गाने में ऐसी जोड़ी नजर आती है जिसने बॉलीवुड में उम्र की दहलीज को धता बता दिया था. हम बात कर रहे हैं 'चीनी कम' फिल्म के टाइटल ट्रैक की जो आज भी लोगों को उसी तरह छूता है जैसे पहली बार सुना था. श्रेया घोषाल की आवाज में बंधा यह गीत उम्र के फासले को प्यार से पाटने वाली कहानी सुनाता है.
साल 2007 में रिलीज हुई आर. बाल्की की फिल्म ‘चीनी कम' में 64 साल के अमिताभ बच्चन ने शेफ बुद्धदेव गुप्ता का किरदार निभाया था. 34 साल की तब्बू ने नीना वर्मा का रोल किया. दोनों के बीच उम्र का बड़ा अंतर था, फिर भी स्क्रीन पर उनका रोमांस सहज और दिल को छू लेने वाला लगा. फिल्म लंदन के एक भारतीय रेस्तरां की बैकग्राउंड में चलती है, जहां बुद्धदेव अपनी मां के साथ रहता है और नीना एक दिन शिकायत लेकर आती है. यहीं से शुरू होता है वो रिश्ता जो समाज की नजर में अटपटा लग सकता था, लेकिन दिल की सच्चाई से भरा था.
'चीनी कम' टाइटल सॉन्ग
फिल्म की कहानी को और गहरा बनाता है टाइटल सॉन्ग 'चीनी कम'. इलैयाराजा के म्यूजिक और समीर के शब्दों में श्रेया घोषाल ने जान डाल दी. 'चीनी कम है, चीनी कम है, थोड़ी थोड़ी तुझ में है कम.' इसकी इन्हीं पंक्तियों से इशारा मिल जाता है कि इसके बोल कितने गहरे और सार्थक हैं.
दिलचस्प यह है कि फिल्म में अमिताभ बच्चन और तब्बू की केमिस्ट्री में ना तो जबरदस्ती का रोमांस दिखा और ना ही उम्र को छिपाने की कोशिश. गाने के विजुअल्स में भी यही बात झलकती है. इलैयाराजा ने अपनी पुराने तमिल धुनों से प्रेरणा ली थी, लेकिन हिंदी में इसे नया रूप दिया. फिल्म का बजट लगभग 11 करोड़ रुपये था जबकि इसने 32 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
आज जब नई पीढ़ी तेज बीट्स और शॉर्ट वीडियो वाले गानों में डूबी हुई है, तब भी 'चीनी कम' अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ है. दोपहर का समय जब थोड़ा सुस्त पड़ता है, तब ऐसे गीत जिंदगी में मिठास घोल देते हैं, बिल्कुल उसी तरह जैसे नाम में लिखा है, चीनी कम, लेकिन स्वाद पूरा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं