8 years ago
नई दिल्ली:
कर्नाटक में 12 मई को हुए विधानसभा चुनाव के बाद शुरू हुए राजनीतिक नाटक का पटाक्षेप मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के इस्तीफे के साथ हो गया. येदियुरप्पा ने सदन में बहुमत परीक्षण से पहले ही पर्याप्त संख्या नहीं होने का हवाला देकर इस्तीफा दे दिया. वहीं जेडी (एस) नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया है. कुमारस्वामी ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, "शपथग्रहण समारोह सोमवार को आयोजित होगा." कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा और कहा कि उम्मीद है कि उन्हें सबक मिल गया होगा कि संविधान, उच्च संस्थानों और देश की इच्छाशक्ति का अनादर नहीं किया जा सकता. कर्नाटक चुनाव में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति सामने आई, जिसमें भाजपा 104 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और इसी आधार पर राज्यपाल ने येदियुरप्पा को सरकार बनाने का न्योता दे दिया, और उन्हें शपथ ग्रहण कराकर बहुमत साबित करने के लिए 15 दिनों का समय दे दिया. जबकि 116 विधायकों के साथ कांग्रेस व जनता दल (सेकुलर) के सरकार बनाने के दावे को राज्यपाल ने ठुकरा दिया. इसके खिलाफ कांग्रेस ने सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद भाजपा को शनिवार शाम चार बजे तक सदन में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया गया.