भोजपुरी सिनेमा में पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक सरोकारों पर आधारित एक नई फिल्म दस्तक देने के लिए तैयार है. फिल्म का नाम ‘मां से बढ़कर सासू मां' है, जिसका फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज कर दिया गया है. पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. फिल्म का शीर्षक ही रिश्तों की अहमियत और परिवार से जुड़ी भावनाओं की ओर इशारा करता है. खास बात यह है कि दर्शक इस फिल्म को जल्द ही घर बैठे देख सकेंगे. इसका वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 20 नवंबर 2026 को होने जा रहा है.
लाल साड़ी में नजर आईं संचिता बनर्जी
एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस भोजपुरी फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में अभिनेत्री संचिता बनर्जी लाल साड़ी में बेहद प्रभावशाली अंदाज में दिखाई दे रही हैं. पोस्टर में उनके साथ शारदा नवल, आकाश यादव और अन्य कलाकारों की झलक भी देखने को मिल रही है. पोस्टर का आकर्षक डिजाइन और फिल्म का दिलचस्प नाम दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. फिल्म की कहानी पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और सामाजिक ताने-बाने के इर्द-गिर्द बुनी गई है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म दर्शकों को मनोरंजन के साथ रिश्तों की अहमियत का एहसास भी कराएगी.
ये कलाकार आएंगे नजर

फिल्म में संचिता बनर्जी, शारदा नवल, आकाश यादव, गोपाल चौहान, सुबोध सेठ, बब्लू खान, ललित उपाध्याय, सुजीत सार्थक, कंचन मिश्रा, सुषमा प्रेणा और सनी शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की निर्मात्री पूनम यादव हैं, जबकि निर्देशन की कमान संजय श्रीवास्तव ने संभाली है. फिल्म की स्टारकास्ट और इसके पारिवारिक विषय को देखते हुए भोजपुरी दर्शकों को इससे काफी उम्मीदें हैं.
इस दिन यूट्यूब पर देख सकेंगे फिल्म
‘मां से बढ़कर सासूमां' को लेकर दर्शकों के लिए सबसे खास जानकारी इसके डिजिटल प्रीमियर की तारीख है. फिल्म का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 20 नवंबर 2026 को एडवाइज भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा. यानी भोजपुरी सिनेमा के दर्शक इस फिल्म का आनंद अपने घर पर ही उठा सकेंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि पारिवारिक रिश्तों पर आधारित यह फिल्म रिलीज के बाद दर्शकों का कितना प्यार हासिल करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं