आजकल बच्चों के हाथ में मोबाइल या स्मार्ट टीवी का रिमोट होना आम बात है, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद बोल्ड और 18+ कंटेंट पेरेंट्स की सबसे बड़ी चिंता बन गया है. अगर आपके घर में भी बच्चे Netflix देखते हैं, ऐसे में माता-पिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बच्चे गलती से या अपनी जिज्ञासा में एडल्ट कंटेंट न देख लें. अच्छी बात यह है कि Netflix में कुछ ऐसे फीचर्स मौजूद हैं, जिनकी मदद से आप बच्चों के लिए अलग प्रोफाइल बना सकते हैं और उस पर एडल्ट कंटेंट को पूरी तरह प्रतिबंधित कर सकते हैं. तो बस 5 मिनट में इन 4 आसान सेटिंग्स को ऑन करके आप किसी भी एडल्ट फिल्म या वेब सीरीज को पूरी तरह ब्लॉक कर सकते हैं. Netflix का Parental Controls फीचर माता-पिता को यह सुविधा देता है कि वे तय कर सकें कि उनके बच्चे किस उम्र के हिसाब से फिल्में और वेब सीरीज देख सकते हैं. आइए जानते हैं स्टेप-बाय-स्टेप गाइड.
1. सबसे पहले बनाएं बच्चों के लिए अलग Netflix प्रोफाइल
बच्चों को एडल्ट कंटेंट से दूर रखने का सबसे आसान तरीका उनके लिए अलग Kids Profile बनाना है. सबसे पहले Netflix ऐप या वेबसाइट खोलें Manage Profiles में जाएं. Add Profile पर क्लिक करें, बच्चे का नाम डालें. For Kids या Kids Profile का विकल्प चुनें. Continue पर क्लिक करके प्रोफाइल बना लें.
इस प्रोफाइल में बच्चों के लिए चुनी गई फिल्में और सीरीज ही दिखाई जाएंगी. Kids Experience में इंटरफेस भी बच्चों के हिसाब से आसान रखा जाता है. इस बारे में नेटफ्लिक्स हेल्प सेंटर पर भी जानकारी मौजूद है.
2. उम्र के हिसाब से ब्लॉक करें एडल्ट कंटेंट
अगर आप चाहते हैं कि बच्चा 18+ कंटेंट न देख पाए तो Netflix में Maturity Rating की सेटिंग इस्तेमाल करें. इसके लिए Netflix की वेबसाइट पर जाकर Account सेक्शन खोलें. इसके बाद Profiles में जाकर बच्चे की प्रोफाइल चुनें और Adjust Parental Controls पर क्लिक करें. अपनी पहचान सत्यापित करने के बाद Maturity Rating में उम्र के मुताबिक प्रतिबंध लगाएं और Save कर दें. भारत में Netflix की रेटिंग में TV-Y, TV-Y7, G, PG, TV-PG जैसी कैटेगरी बच्चों के लिए हैं, जबकि R, TV-MA और NC-17 एडल्ट दर्शकों के लिए निर्धारित हैं.
3. पसंद नहीं आने वाली फिल्म और सीरीज को करें ब्लॉक
कई बार कोई फिल्म या वेब सीरीज उम्र की सामान्य रेटिंग के बावजूद बच्चों के लिए सही नहीं होती. ऐसे में Netflix पर किसी खास टाइटल को भी ब्लॉक किया जा सकता है. इसके लिए बच्चे की प्रोफाइल की Viewing Restrictions में जाएं. Block Titles विकल्प चुनें और जिस फिल्म या सीरीज को रोकना चाहते हैं, उसका नाम सर्च करके ब्लॉक कर दें. यह सुविधा Kids Profile के लिए वेब ब्राउजर से इस्तेमाल करनी होती है.
4. PIN लगाकर सुरक्षित रखें अपनी प्रोफाइल
बच्चे कहीं आपकी प्रोफाइल खोलकर एडल्ट फिल्में और वेब सीरीज न देखने लगें, इसके लिए Profile Lock PIN लगाना जरूरी है. Account में जाकर Profile Lock विकल्प चुनें और चार अंकों का PIN सेट करें. इसके अलावा नए प्रोफाइल बनाने के लिए भी PIN अनिवार्य कर सकते हैं. इससे बच्चे अपनी मर्जी से नई प्रोफाइल बनाकर प्रतिबंधों को आसानी से पार नहीं कर पाएंगे.
5. माता-पिता इन बातों का भी रखें ध्यान
Netflix की ये सेटिंग बच्चों को अनुचित कंटेंट से बचाने में मददगार हैं, लेकिन माता-पिता को समय-समय पर बच्चों की Viewing History भी चेक करनी चाहिए. साथ ही अपना Netflix पासवर्ड बच्चों के साथ साझा न करें
हालांकि Parental Controls बच्चों की डिजिटल सुरक्षा का एक अच्छा तरीका है, लेकिन बच्चों के साथ OTT कंटेंट को लेकर बातचीत करना और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखना भी उतना ही जरूरी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं