विज्ञापन

8 सीजन, 153 एपिसोड के बाद करण जौहर ने कर दी बस, आखिरी बार सेलिब्रिटीज को कॉफी पिलाते आएंगे नजर

22 साल से दर्शकों को एंटरटेन करने वाला फेमस चैट शो कॉफी विद करण अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. करण जौहर ने ऐलान किया है कि शो का नौवां सीजन इसका आखिरी सीजन होगा.

8 सीजन, 153 एपिसोड के बाद करण जौहर ने कर दी बस, आखिरी बार सेलिब्रिटीज को कॉफी पिलाते आएंगे नजर
22 साल तक सितारों के राज खोलने वाला शो अब लेगा विदाई
नई दिल्ली:

फिल्ममेकर और टीवी होस्ट करण जौहर का पॉपुलर सेलिब्रिटी चैट शो 'कॉफी विद करण' अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. करण जौहर ने शो के फाइनल सीजन का ऐलान कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह शो के सफर को याद करते हुए काफी इमोशनल नजर आए. करण ने बताया कि इस शो को शुरू करने का आइडिया उन्हें अपने दिवंगत पिता और फिल्म प्रोड्यूसर यश जौहर से हुई बातचीत के दौरान आया था.

अब 8 सीजन और 161 एपिसोड के लंबे सफर के बाद करण शो का आखिरी सीजन लेकर आ रहे हैं. करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ''मुझे लगता है कि हमें बात करनी चाहिए, कॉफी पर... 'हॉटस्टार स्पेशल्स: कॉफी विद करण सीजन 9' का प्रीमियर 14 अक्टूबर से जियोस्टार पर होगा.''

वीडियो में करण ने शो शुरू होने के पीछे की कहानी शेयर की. उन्होंने कहा, ''यह जून 2004 की बात है, जब मैंने अपने पिता यश जौहर से कहा था कि मैं एक टॉक शो होस्ट करना चाहता हूं. मैं दो सेलिब्रिटीज या स्टार्स को बुलाकर उनके साथ खुलकर बातचीत करना चाहता हूं. मेरे पिता ने मेरी तरफ देखा और मजाकिया अंदाज में पूछा- 'करण तुम अपने दोस्तों को बुलाकर उनसे बातें ही तो करोगे, फिर कोई इसके लिए पैसे क्यों देगा?''

ये भी पढ़ें: हनुमान अंश के म्यूजिक डायरेक्टर ने सुनाया फिल्म से जुड़ा दिलचस्प किस्सा, दर्शन के बाद ही मिल गया फिल्म में काम

करण ने आगे कहा, ''उसी महीने मेरे पिता गुजर गए. 26 जून को उनका निधन हुआ था. 'कॉफी विद करण' के लिए मैंने पहली बार 16 अगस्त 2004 को शूट किया था, और आज मैं यहां हूं- आठ सीजन बाद, 22 साल बाद और 161 एपिसोड बाद.'' शो के आखिरी सीजन को लेकर करण ने कहा, ''कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिन्हें खत्म करने की कोई योजना नहीं होती, लेकिन दिल के अंदर कहीं न कहीं आपको पता चल जाता है कि अब उन्हें जाने देने का वक्त आ गया है. 'कॉफी विद करण' मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है. इस शो ने मुझे दोस्ती, यादें, कई मजेदार पल, ढेर सारा प्यार और विवाद भी दिए हैं.''

करण ने कहा, ''इन सबके बीच जो चीज लगातार बनी रही, वह शो की ऑडियंस थी. दर्शकों ने हमारे साथ हंसी-मजाक किया, बहस की, ट्रोल किया, शो का जश्न मनाया और सबसे जरूरी बात, हर बार एक और कप कॉफी के लिए वापस आते रहे.''

करण ने फाइनल सीजन को लेकर कहा, ''अलविदा कहना भावुक है, लेकिन यह सही भी लगता है. यह आखिरी सीजन मेरी तरफ से एक आखिरी बार कॉफी मग उठाने का तरीका है- शुक्रिया और प्यार के साथ, उन सभी लोगों के लिए जिन्होंने 'कॉफी विद करण' को वह बनाया, जो यह आज है. तो आइए, मेरे साथ आखिरी कप कॉफी पीजिए. आखिरी बार.'' जियो हॉटस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के हेड आलोक जैन ने भी शो के लंबे सफर को याद किया. उन्होंने कहा कि 'कॉफी विद करण' ऐसा टॉक शो रहा है, जिसने बड़े-बड़े सेलिब्रिटीज को दर्शकों के घरों तक पहुंचाया और एक ऐसा फैन बेस बनाया, जिसकी तुलना बहुत कम शोज से की जा सकती है.

'कॉफी विद करण' का फाइनल सीजन 9 14 अक्टूबर से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा. एक आखिरी कप. एक आखिरी बार.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com