मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक हिंदू परिवार अपनी नाबालिग बेटी के साथ हुए कथित दुष्कर्म और आरोपी की लगातार मिल रही धमकियों के कारण अपना घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो गया है. आरोप है कि सौद खान नाम के एक युवक ने प्रेम जाल में फंसाकर नाबालिग का यौन शोषण किया. इतना ही नहीं, अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उस पर इस्लाम कबूलने, नमाज पढ़ने, बुर्का पहनने और निकाह करने का भारी दबाव बनाया गया. विरोध करने पर बच्ची को बंधक बनाकर पीटा गया. इन खौफनाक प्रताड़नाओं से तंग आकर बच्ची ने 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी, जिसके बाद वह कई महीनों तक कोमा में रही. उसके हाथ-पैर और जबड़े में गंभीर फ्रैक्चर आए. कोमा से बाहर आने के बाद भी आरोपी सऊद खान और उसके साथियों द्वारा परिवार को धमकियां दी जा रही हैं. खौफजदा परिवार अब सूटकेस लेकर अपना घर छोड़ने को मजबूर है और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रहा है. मीरा रोड पुलिस ने आरोपी सऊद खान के खिलाफ पॉक्सो (POCSO), आईटी एक्ट और BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी अब भी बाकी है.