90s में दूरदर्शन पर आने वाले कुछ धारावाहिक ऐसे थे, जिनके किरदार आज भी दर्शकों की यादों में बसे हैं. इन्हीं में एक नाम है 'चंद्रकांता (Chandrakanta)' के क्रूर सिंह का. बड़ी-बड़ी आंखें, खास अंदाज, चेहरे पर चालाकी और जुबान पर 'यक्कू', क्रूर सिंह का यह अंदाज उस दौर में इतना लोकप्रिय हुआ कि उनका नाम लेते ही लोगों के जेहन में अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा (Akhilendra Mishra) का चेहरा उभर आता है. रहस्य, तिलिस्म और रोमांच से भरे इस धारावाहिक ने 90s में टीवी देखने वालों के बीच खास जगह बनाई थी.
यह भी पढ़ें: Netflix की 8 एपिसोड की मिस्ट्री थ्रिलर, अमीर बनने के लिए बनाई नकली पहचान, फिर मिली लाश और खुलने लगे खौफनाक राज
1994 में दूरदर्शन पर शुरू हुआ था 'चंद्रकांता'
दूरदर्शन (Chandrakanta) के चर्चित धारावाहिक 'चंद्रकांता' का प्रसारण 1994 में दूरदर्शन पर शुरू हुआ था. इसकी कहानी हिंदी साहित्यकार देवकीनंदन खत्री के 1888 में प्रकाशित उपन्यास पर आधारित थी. नीरजा गुलेरी के इस शो में राजकुमारी चंद्रकांता और नौगढ़ के राजकुमार वीरेंद्र सिंह की प्रेम कहानी को जादुई दुनिया, तिलिस्म, अय्यारों और सत्ता की साजिशों के साथ पेश किया गया.
शिखा स्वरूप ने राजकुमारी चंद्रकांता और शहबाज खान ने वीरेंद्र सिंह का किरदार निभाया था. वहीं पंकज धीर, मुकेश खन्ना, इरफान खान, जावेद खान और अखिलेंद्र मिश्रा समेत कई कलाकारों ने कहानी को यादगार बनाया. चंद्रकांता 1994 से 1996 के बीच प्रसारित हुआ था और इसके कुल 133 एपिसोड आए थे
क्रूर सिंह के 'यक्कू' ने बनाई अलग पहचान
इस शो में क्रूर सिंह ऐसा किरदार था, जिसे दर्शक पसंद भी करते थे और उसकी चालों पर नाराज भी होते थे. अखिलेंद्र मिश्रा ने अपने हाव-भाव, आवाज और खास संवाद अदायगी से इस नकारात्मक किरदार को अलग पहचान दी. उनका 'यक्कू' बोलने का अंदाज बच्चों से लेकर बड़ों तक की जुबान पर चढ़ गया था.
क्रूर सिंह की लोकप्रियता की खास बात यह थी कि वह कहानी का खलनायक होते हुए भी दर्शकों के लिए मनोरंजन का बड़ा हिस्सा था. उसके षड्यंत्र और अजीबोगरीब अंदाज ने उसे धारावाहिक के सबसे चर्चित किरदारों में शामिल कर दिया. यही वजह है कि आज भी 90s के टीवी की चर्चा होती है तो क्रूर सिंह का जिक्र जरूर आता है.
अखिलेंद्र मिश्रा: चंद्रकांता से आज तक
उस दौर में टेलीविजन पर मनोरंजन के विकल्प आज की तरह अनगिनत नहीं थे. दर्शक तय समय पर अपने पसंदीदा कार्यक्रम देखने के लिए टीवी के सामने बैठते थे. चंद्रकांता रविवार सुबह 9 बजे आता था. 'चंद्रकांता' ने फंतासी, प्रेम, रहस्य और रोमांच को एक साथ पेश किया. इसका टाइटल गीत भी दर्शकों की यादों में बना रहा. आज जब पुराने धारावाहिकों और दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर की चर्चा होती है, तो 'चंद्रकांता' का नाम फिर सामने आता है. क्रूर सिंह का 'यक्कू' इस बात की मिसाल है कि किसी कलाकार का एक किरदार और उसका खास अंदाज दशकों बाद भी लोगों की यादों में जिंदा रह सकता है.
अखिलेंद्र मिश्रा की बात करें तो उन्हें दमदार अदाकारी और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाना जाता है. उन्होंने कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं. फिल्म लगान में अर्जन लोहार और टीवी सीरियल चंद्रकांता में क्रूर सिंह के किरदार ने उन्हें खास पहचान दिलाई. उन्होंने आमिर खान की लगान, सरफरोश, गंगाजल, अपहरण, वीर-जारा और दिल्ली-6 जैसी फिल्मों में दमदार भूमिकाएं निभाकर पहचान बनाई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं