बॉलीवुड में कुछ चेहरे ऐसे भी आए जिन्होंने शुरुआत तो हिंदी सिनेमा से की लेकिन यहां नाम नहीं कमा पाए. हालांकि जब उन्होंने क्षेत्रीय सिनेमा का रुख किया तो छा गए. ऐसी ही एक एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने फिल्मों में काम करने के लिए अपनी पढ़ाई छोड़ दी और महज 18 साल की उम्र में लेजेंड्री एक्टर देव आनंद के साथ डेब्यू किया. ये एक्ट्रेस भले ही बॉलीवुड में बड़ी पहचान नहीं बना पाईं लेकिन पंजाबी फिल्मों की ये क्वीन हैं और यहां की सबसे महंगी हीरोइन मानी जाती हैं. हम बात कर रहे हैं पंजाबी फिल्मों की एक्ट्रेस नीरू बाजवा की.
नीरू बाजवा ने अपने करियर की शुरुआत देव आनंद के साथ बॉलीवुड फिल्म 'मैं सोलह बरस की' से की थी और फिर भारतीय टीवी सीरियल और पंजाबी फिल्मों में काम करने लगीं. उनका असली नाम अर्शवीर बाजवा है.
स्कूल में ही छोड़ दी पढ़ाई
उनका जन्म और पालन-पोषण वैंकूवर, ब्रिटिश कोलंबिया में हुआ. उन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि शुरू से ही उनकी पढ़ाई में कम दिलचस्पी थी और वे हमेशा बॉलीवुड के ग्लैमर से प्रभावित रहती थीं. उनकी सगाई टेलीविजन एक्टर अमित साध से हुई थी, लेकिन आठ साल साथ रहने के बाद उन्होंने यह रिश्ता खत्म कर लिया.
नीरू ने 2003 में दूरदर्शन पर 'हरी मिर्च लाल मिर्च' के साथ सीरियल में अपने करियर की शुरुआत की. इसके बाद वे जी टीवी पर 'अस्तित्व... एक प्रेम कहानी', स्टार प्लस पर 'जीत' और फिर स्टार वन पर 'गन्स एंड रोजेज' में नजर आईं, जहां उनकी मुलाकात अपने पूर्व मंगेतर अमित साध से हुई.
पंजाबी म्यूजिक एल्बम से कमाया नाम
वे 2003 में पंजाबी सिंगर कमल हीर के गाने 'कैंथे वाला' के लिए अपने पहले पंजाबी वीडियो में नजर आईं. इसके बाद उन्होंने कई कलाकारों के साथ कई अन्य पंजाबी वीडियो किए, जैसे सिलिंदर परदेसी, जग्गी डी और ऋषि रिच के साथ 'हे सोनिये'. वे आतिफ असलम के एल्बम 'दूरी' के गाने 'हम किस गली' के म्यूजिक वीडियो में भी नजर आईं. इन वीडियोज से उन्हें पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में पहचान मिली.
देव आनंद की फिल्म से डेब्यू
उन्होंने 1998 में देव आनंद के साथ फिल्म 'मैं सोलह बरस की' से बॉलीवुड में डेब्यू किया और फिर 2010 में विवेक ओबेरॉय के साथ फिल्म 'प्रिंस' से फिल्मी स्क्रीन पर वापसी की. वे 'फूंक 2' में भी नजर आईं. उन्होंने 2004 में हरभजन मान के साथ फिल्म 'आसा नू मान वतना दा' से पंजाबी फिल्मों में डेब्यू किया. उनके साथ दो और फिल्में करने के बाद उन्होंने जिमी शेरगिल, अमरिंदर गिल, गिप्पी ग्रेवाल, दिलजीत दोसांझ और तरुण खन्ना जैसे अन्य पंजाबी एक्टर्स के साथ काम किया.
पंजाबी सिनेमा में उनके नाम कई ब्लॉकबस्टर फिल्में हैं. उनकी पंजाबी फिल्म 'जट्ट एंड जूलियट', जिसमें वे दिलजीत दोसांझ के साथ नजर आईं, काफी चर्चित रही. आज नीरू पंजाबी सिनेमा की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं