आर्यन खान ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनी अपनी पहली निर्देशित वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के साथ मनोरंजन जगत में दमदार और प्रभावशाली कदम रखा. यह वेब सीरीज़ उनके लिए एक अहम पड़ाव साबित हुई और एक फिल्ममेकर के तौर पर उनकी अपनी सोच और नजरिए को मजबूती से सामने लेकर आई. सीरीज ने कई रिकॉर्ड बनाए और बतौर डेब्यू निर्देशक आर्यन खान को उनके काम के लिए कई पुरस्कार और सम्मान भी मिले.
आज इस शो की रिलीज को एक साल पूरा हो गया है. इस खास मौके पर मेकर्स ने निर्देशक आर्यन खान की शूटिंग के दौरान की कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं. इन तस्वीरों में उन्हें शो की शूटिंग के दौरान काम करते हुए देखा जा सकता है. ये बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीरें फैन्स को आर्यन की निर्देशन यात्रा की एक झलक देती हैं.

तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के सेट से सीधे आपकी फीड तक.सितंबर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई इस सीरीज़ ने अपनी मजेदार कॉमेडी और दिलचस्प कहानी के साथ जल्द ही दर्शकों के बीच अपनी जगह बना ली. यह सीरीज़ नेटफ्लिक्स इंडिया पर नंबर 1 पर पहुंच गई और प्लेटफॉर्म की ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश सीरीज में भी शामिल हुई. इसके अलावा, यह कई देशों में ट्रेंड भी करती रही.

सीरीज़ की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता के बीच इसे मशहूर टाइम्स स्क्वायर बिलबोर्ड पर भी जगह मिली. यह भारत के बाहर भी शो को मिल रहे ध्यान और चर्चा को दर्शाता है. दुनियाभर के दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ने के साथ यह उपलब्धि सीरीज के लिए एक खास पड़ाव रही.

आर्यन खान द्वारा लिखित और निर्देशित इस सीरीज़ का निर्माण गौरी खान ने रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है. सीरीज में लक्ष्य लालवानी, बॉबी देओल, मोना सिंह, राघव जुयाल, अनन्या सिंह, मनोज पाहवा, मनीष चौधरी, सहर बाम्बा, गौतमी कपूर, रजत बेदी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं