रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल' से लोकप्रिय हुए गायक काजी तौकीर ने कुछ समय पहले अपने पुराने साथी और बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह के साथ बिताए खास पलों को साझा करते हुए एक भावुक पोस्ट किया. करीब 21 साल पहले दोनों की मुलाकात इसी शो के दौरान हुई थी और समय बीतने के बावजूद उनकी दोस्ती आज भी पहले जैसी मजबूत बनी हुई है. हाल ही में काजी पश्चिम बंगाल के जियागंज पहुंचे, जहां उन्होंने अरिजीत के साथ कई यादगार पल बिताए. इस मुलाकात का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें दोनों कभी स्कूटी की सवारी करते तो कभी क्रिकेट खेलते दिखाई दिए. वीडियो के साथ काजी ने अरिजीत के व्यक्तित्व, उनके व्यवहार और संगीत के प्रति समर्पण की खुलकर तारीफ की.
‘सफलता के बाद भी नहीं बदले अरिजीत, आज भी वही सादगी'
काजी तौकीर ने बताया कि 2005 में ‘फेम गुरुकुल' के दौरान उनकी और अरिजीत सिंह की दोस्ती की शुरुआत हुई थी. उनके मुताबिक, इतने वर्षों बाद भी अरिजीत के स्वभाव में कोई बदलाव नहीं आया है. उन्होंने कहा कि अरिजीत उन लोगों में से हैं, जिनमें न किसी तरह का घमंड है और न ही किसी के लिए ईर्ष्या. उनका पूरा ध्यान सिर्फ अपने संगीत और काम पर रहता है.
काजी ने अरिजीत को बेहद जुनूनी कलाकार बताते हुए कहा कि वह हर चीज को पूरी ईमानदारी और लगन के साथ करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जियागंज और मुर्शिदाबाद के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके अलावा अरिजीत के परिवार और उनकी टीम की भी उन्होंने जमकर तारीफ की. काजी के अनुसार, अरिजीत के आसपास मौजूद हर शख्स बेहद विनम्र और सादगी पसंद है. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दोनों दोस्तों की पुरानी केमिस्ट्री देखकर फैंस भी काफी भावुक नजर आए और उनकी दोस्ती की सराहना की.
क्रिकेट के मैदान पर लगी चोट, फिर भी नहीं छोड़ा खेल
वीडियो में काजी तौकीर ने एक दिलचस्प घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि अरिजीत सिंह ने अपने गृह नगर जियागंज में बच्चों के लिए एक क्रिकेट अकादमी बनवाई है. जब दोनों वहां पहुंचे तो उन्होंने साथ में क्रिकेट खेलने का फैसला किया. खेल के दौरान अरिजीत गेंदबाजी कर रहे थे और काजी बल्लेबाजी कर रहे थे. इसी बीच एक गेंद लगने से अरिजीत को चोट आ गई.
काजी ने बताया कि आसपास मौजूद लोग उनकी चोट देखकर परेशान हो गए और बार-बार उनका हाल पूछने लगे. हालांकि अरिजीत ने इसे मामूली बताते हुए खेल जारी रखा. चोट लगने के बावजूद उन्होंने लगातार कई ओवर गेंदबाजी की और किसी तरह की शिकायत नहीं की. काजी ने कहा कि यही अरिजीत की सबसे बड़ी खूबी है कि वह मुश्किल हालात में भी हार नहीं मानते. उन्होंने आगे बताया कि क्रिकेट खेलने के बाद भी अरिजीत देर रात तक संगीत की रिहर्सल और एडिटिंग में व्यस्त रहे. काजी ने उन्हें मजबूत इरादों वाला इंसान बताते हुए संकेत दिया कि दोनों आने वाले समय में किसी नए प्रोजेक्ट पर भी साथ नजर आ सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं