विज्ञापन

KBC को 18वें सीजन का पहला करोड़पति मिला, अब भूषण ठाकरे के सामने 7 करोड़ का सवाल, अमिताभ बच्चन ने गले लगाया

कौन बनेगा करोड़पति 18 को अपना पहला 1 करोड़ रुपये जीतने वाला कंटेस्टेंट मिल गया है. जालगांव के भूषण ठाकरे ने अपनी संघर्षभरी कहानी ने सभी को इमोशनल कर दिया.

KBC को 18वें सीजन का पहला करोड़पति मिला, अब भूषण ठाकरे के सामने 7 करोड़ का सवाल, अमिताभ बच्चन ने गले लगाया
KBC 18: सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई आए भूषण ठाकरे बने पहले करोड़पति
Instagram
नई दिल्ली:

कौन बनेगा करोड़पति 18 में अमिताभ बच्चन होस्ट के रूप में नजर आ रहे हैं और अब शो को अपना पहला 1 करोड़ जीतने वाला कंटेस्टेंट मिल गया है. जालगांव के रहने वाले भूषण ठाकरे ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है. 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देने के बाद अब 28 साल के भूषण 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल का सामना कर रहे हैं. उनकी कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि वो कभी सिर्फ 24 रुपए लेकर मुंबई आए थे, बेहतर जिंदगी और परिवार के सपनों को पूरा करने की उम्मीद के साथ.

प्रोमो में दिखा सीजन 18 का पहला करोड़पति

सोनी टीवी ने एक प्रोमो शेयर किया है, जिसमें दिखाया गया कि भूषण ठाकरे 1 करोड़ रुपये जीत चुके हैं. प्रोमो में अमिताभ बच्चन उन्हें गले लगाते नजर आते हैं. अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान भूषण ने बताया कि उनकी पढ़ाई के लिए उनके माता-पिता ने कितनी मुश्किलों का सामना किया. उनके पिता दिहाड़ी मजदूर थे, जबकि उनकी मां लंबे समय से बीमार रहती थीं और उनकी कई सर्जरी हो चुकी हैं. भूषण ने कहा कि माता-पिता के त्याग को वो कभी नहीं भूल पाए और हमेशा कुछ ऐसा करना चाहते थे, जिससे उन्हें गर्व महसूस हो. उन्होंने ये भी बताया कि पिछले डेढ़ साल से वो अपने घर नहीं गए हैं.

डेढ़ साल से घर नहीं गए भूषण

भूषण ने कहा, "सर, मैं पिछले डेढ़ साल से घर नहीं गया हूं और अब मेरी उम्र 28 साल है. मेरे माता-पिता ने बहुत मेहनत करके मुझे पाला है. मेरे पिता मजदूरी करते थे और मेरी मां की कई बार सर्जरी हो चुकी है. इसके बावजूद पिता ने मां की देखभाल भी की और मेरी पूरी पढ़ाई का खर्च भी उठाया." उन्होंने बताया कि उन्हें लगने लगा था कि वो अभी तक अपने माता-पिता को वो जिंदगी नहीं दे पाए हैं, जिसके वे हकदार हैं. इसी वजह से उन्होंने तय किया कि जब तक जिंदगी में कुछ बड़ा हासिल नहीं करेंगे, तब तक घर नहीं लौटेंगे. भूषण ने कहा, "मुझे लगने लगा था कि मैं अभी तक अपनी जिंदगी में पूरी तरह से सेट नहीं हो पाया हूं. इसलिए मैंने अपने माता-पिता से कहा कि मैं तब तक घर नहीं आऊंगा, जब तक कुछ अच्छा हासिल नहीं कर लेता."

पिता चाहते थे बेटा सिर्फ पढ़ाई करे

भूषण ने ये भी बताया कि पैंसों की दिक्कत होने के बावजूद उनके पिता ने कभी उन्हें मजदूरी करने के लिए मजबूर नहीं किया. उस समय वो कॉम्पटीशन एग्जॉम्स की तैयारी कर रहे थे, लेकिन दाखिला नहीं मिल पाने के कारण घर पर रहकर पढ़ाई करते थे. अपने पिता को मजदूरी करते देख उन्हें लगा कि उन्हें भी कमाने में परिवार की मदद करनी चाहिए. इसी सोच के साथ उन्होंने गांव की नदी पर काम करना शुरू कर दिया. लेकिन उनके पिता ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया.

भूषण ने बताया, "सर, मैं कॉम्पटीशन एग्जॉम्स की तैयारी कर रहा था, लेकिन उस समय मुझे दाखिला नहीं मिला. इसलिए मैं घर पर रहकर पढ़ाई करता था. मेरे पिता मजदूर थे, लेकिन उन्होंने कभी मुझ पर मजदूरी करने का दबाव नहीं डाला. मुझे लगता था कि सिर्फ घर पर बैठकर पढ़ाई करने से अच्छा है कि मैं कुछ काम भी करूं. इसलिए मैंने गांव की नदी पर काम शुरू किया, लेकिन पिता ने इसकी अनुमति नहीं दी. उन्होंने कहा कि या तो घर पर रहो या अपनी पढ़ाई पूरी करो. उन्होंने कभी मुझे मजदूरी नहीं करने दी."

अब 7 करोड़ के सवाल के सामने

भूषण ठाकरे अब 1 करोड़ रुपये जीत चुके हैं और 7 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच गए हैं. जो शख्स कभी सिर्फ 24 रुपए लेकर मुंबई आया था, उसके लिए यहां तक पहुंचना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भूषण 7 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर शो की सबसे बड़ी रकम जीत पाते हैं या नहीं. कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18 सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और Sony LIV पर प्रसारित होता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amitabh Bachchan, KBC 18, KBC 18 1 Crore Question, Kbc 1 Crore Winner, Television
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com