विज्ञापन

सलमान खान ने ‘दबंग 4’ पर लगाई मुहर, चुलबुल पांडे बनकर फिर करेंगे वापसी, ‘बजरंगी भाईजान 2’ पर कही ये बात

सलमान खान ने अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दबंग’ को लेकर ऐसा अपडेट दिया है, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. चुलबुल पांडे की वापसी लगभग तय हो गई है, लेकिन ‘बजरंगी भाईजान 2’ को लेकर भाईजान की राय सुनकर उनके चाहने वाले हैरान रह सकते हैं.

सलमान खान ने ‘दबंग 4’ पर लगाई मुहर, चुलबुल पांडे बनकर फिर करेंगे वापसी, ‘बजरंगी भाईजान 2’ पर कही ये बात
सलमान खान की दबंग 4 पर बड़ा अपडेट

सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी. ‘भाईजान' इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं और इसी दौरान उन्होंने अपने चाहने वालों को एक ऐसी खबर दी है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था. दरअसल, सलमान ने अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दबंग' के अगले पार्ट को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उनके बयान से साफ हो गया है कि चुलबुल पांडे एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने वाले हैं. हालांकि, ‘बजरंगी भाईजान 2' को लेकर उनका जवाब कुछ अलग रहा.

‘दबंग 4' को लेकर सलमान खान ने दिया बड़ा अपडेट

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सलमान खान से उनकी फिल्मों और आने वाले सीक्वल को लेकर सवाल किया गया. इस दौरान उन्होंने ‘दबंग 4' की वापसी की पुष्टि की. सलमान ने कहा कि ‘दबंग' जरूर बनेगी, क्योंकि यह फ्रेंचाइजी उनके अपने हाथ में है. उन्होंने कहा, ‘‘दबंग तो पक्का आएगी, क्योंकि दबंग हमारे हाथ में है. बाकी फिल्में उनके (निर्माताओं के) हाथ में हैं.''

सलमान के इस बयान से उन दर्शकों को राहत मिली है, जो एक बार फिर उन्हें पुलिस अधिकारी चुलबुल पांडे के अंदाज में देखना चाहते हैं. हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट या शूटिंग को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है. इससे पहले भी अभिनेता कह चुके हैं कि वह और अरबाज खान ऐसी कहानी की तलाश में हैं, जिस पर दोनों की सहमति बन सके.

‘बजरंगी भाईजान 2' बनाने के पक्ष में नहीं हैं सलमान

इसी बातचीत में सलमान ने अपनी 2015 में आई फिल्म ‘बजरंगी भाईजान' का भी जिक्र किया. उन्होंने इस फिल्म की कहानी को भावनात्मक रूप से खास बताया और कहा कि इसका दूसरा हिस्सा बनाना शायद सही फैसला नहीं होगा. अभिनेता के मुताबिक, नई फिल्म की तुलना हमेशा पहली फिल्म से की जाएगी और अगर वह दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी तो निराशा होगी. इसलिए वह नहीं चाहते कि ‘बजरंगी भाईजान' की कहानी को जबरदस्ती आगे बढ़ाया जाए.

कब रिलीज होगी ‘मातृभूमि'?

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में हैं. बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा' से होगा. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि सलमान की यह फिल्म दर्शकों के बीच कितना असर छोड़ पाती है.

ये भी पढ़ें: 26 साल पुराना कविता कृष्णमूर्ति का गाना, जिसमें करिश्मा बनी थीं हिंदी सिनेमा की सबसे खूबसूरत बंजारन, एआर रहमान ने दिया था यादगार म्यूजिक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Salman Khan, Dabangg 4, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com