विज्ञापन

राम कपूर ने कहा 'प्यार है तो बेवफाई डील ब्रेकर नहीं', आकांक्षा चमोला का पलटवार 'फिजिकल रिलेशन गलती नहीं'

नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में शादी और बेवफाई पर राम कपूर का बयान वायरल हो गया है. शो में आकांक्षा चमोला ने इस पर पलटवार किया और बात को आगे तक ले गईं.

राम कपूर ने कहा 'प्यार है तो बेवफाई डील ब्रेकर नहीं', आकांक्षा चमोला का पलटवार 'फिजिकल रिलेशन गलती नहीं'
आकांक्षा चमोला का राम कपूर को लॉक अप में मुंहतोड़ जवाब
Social Media
नई दिल्ली:

रियलिटी शो में कब कौन-सी बात सुर्खियां बन जाए, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता. इन दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. शो के बीच शादी और बेवफाई पर हुई एक बातचीत ने पूरा माहौल बदल दिया. टीवी के पॉपुलर एक्टर राम कपूर ने रिश्तों को लेकर अपनी ऐसी सोच सामने रखी, जिसे सुनते ही शो के कंटेस्टेंट भी हैरान रह गए. एपिसोड खत्म होने से पहले ही इसकी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फिर शुरू हो गई बहस. कोई राम कपूर की बात को रिश्तों की हकीकत बता रहा है, तो कोई इसे पूरी तरह गलत ठहरा रहा है.

एक सवाल और शुरू हो गई बहस

शो के दौरान कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने राम कपूर से पूछा कि अगर उन्हें पता चले कि उनकी पार्टनर ने उन्हें धोखा दिया है, तो क्या वो नया रिश्ता तलाशेंगे. इस पर राम कपूर ने कहा, 'अगर दो लोगों के बीच सच्चा प्यार है, तो बेवफाई हमेशा डील ब्रेकर नहीं होती.' उन्होंने कहा कि शादी कोई एक दिन का फैसला नहीं, बल्कि लंबा सफर है, जहां कई बार मुश्किल दौर भी आते हैं. ऐसे में एक गलती की वजह से हमेशा रिश्ता खत्म करना सही फैसला नहीं होता.

20-25 साल की शादी का दिया उदाहरण

राम कपूर ने कहा कि लंबे रिश्तों में अच्छे और बुरे दोनों दौर आते हैं. उनका मानना है कि अगर किसी मुश्किल वक्त में किसी से गलती हो जाए और बाद में उसे अपने परिवार, पार्टनर और बच्चों की अहमियत समझ आ जाए, तो ऐसे रिश्ते को एक मौका दिया जा सकता है. उन्होंने ये भी कहा कि हर गलती इंसान की पूरी सोच को नहीं दिखाती.

आकांक्षा चमोला ने तुरंत पलट दिया पूरा मामला

राम कपूर की बात खत्म भी नहीं हुई थी कि शो में मौजूद आकांक्षा चमोला ने अपनी अलग राय रख दी. उन्होंने साफ कहा कि फिजिकल रिलेशन कभी भी 'गलती' नहीं हो सकता. उनके मुताबिक ऐसा कोई भी कदम सोच-समझकर उठाया जाता है, इसलिए उसे सिर्फ एक भूल कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इसके बाद शो में माहौल और गर्म हो गया.

सोशल मीडिया पर छिड़ गई तगड़ी बहस

जैसे ही इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा, लोगों के रिएक्शंस की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने लिखा कि राम कपूर का बयान रिश्तों को गलत मैसेज देता है. कुछ ने तो यहां तक कह दिया कि उनकी सोच चौंकाने वाली है. वहीं कुछ लोगों ने राम का बचाव करते हुए कहा कि हर शादी और हर रिश्ता अलग होता है, इसलिए ऐसे मामलों को एक ही नजरिए से नहीं देखा जा सकता. फिलहाल लॉक अप का ये वीडियो इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Kapoor, Netflix, Lock Upp Sach Ya Saza, Akanksha Chamola
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com