50 हजार साल बाद धरती के करीब आ रहा एक धूमकेतु, बिना टेलिस्कोप देख पाएंगे, जानें इसके बारे में
अगले महीने 1 और 2 फरवरी के आसपास एक धूमकेतु (comet) हमारी पृथ्वी के करीब से गुजरने वाला है। C/2022 E3 (ZTF) नाम का धूमकेतु बाकी धूमकेतुओं से अलग है, क्योंकि जब यह पृथ्वी के नजदीक से गुजरेगा, तो ऐसी संभावना है कि इसे नग्न आंखों से भी देखा जा सकेगा यानी आपको टेलीस्कोप की जरूरत नहीं होगी।
-
अगर आप आसमान में होने वाली घटनाओं में दिलचस्पी रखते हैं, तो साल 2023 आपके लिए खास होने वाला है। इस महीने के आखिर में और अगले महीने 1 और 2 फरवरी के आसपास एक धूमकेतु (comet) हमारी पृथ्वी के करीब से गुजरने वाला है। C/2022 E3 (ZTF) नाम का धूमकेतु बाकी धूमकेतुओं से अलग है, क्योंकि जब यह पृथ्वी के नजदीक से गुजरेगा, तो ऐसी संभावना है कि इसे नग्न आंखों से भी देखा जा सकेगा यानी आपको टेलीस्कोप की जरूरत नहीं होगी।
-
आने वाली 12 जनवरी को C/2022 E3 (ZTF) की सूर्य से दूरी लगभग 16 करोड़ किलोमीटर और 2 फरवरी को पृथ्वी से दूरी 4.2 करोड़ किलोमीटर रह जाएगी। अभी यह धूमकेतु आंतरिक सौर मंडल (inner solar system) से गुजर रहा है। 12 जनवरी को यह सूर्य के सबसे करीब पहुंचेगा और 1 फरवरी और 2 फरवरी के बीच हमारे ग्रह के नजदीक से होते हुए गुजरेगा।
-
रिपोर्टों के अनुसार, अगर यह धूमकेतु उसी तरह चमकता रहा जैसे अभी चमक रहा है, तो इसे बिना टेलीस्कोप के सीधे आंखों के जरिए रात में आसमान में देखा जा सकता है। धूमकेतुओं को लेकर इसलिए कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती, क्योंकि इनकी चमक कम भी हो सकती है। C/2022 E3 (ZTF) के मामले में ऐसा होता है, तब भी इसे टेलीस्कोप से तो देखा जा ही सकेगा।
-
नासा के अनुसार, उत्तरी गोलार्ध में रहने वाले लोग इसी महीने सुबह के समय आसमान में इस धूमकेतु को देखने की कोशिश कर सकते हैं। फरवरी 2023 की शुरुआत में दक्षिणी गोलार्ध में रहने वाले लोग इसे देख सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार, उत्तरी गोलार्ध में रहने वाले लोग 21 जनवरी को इस धूमकेतु को तलाश सकते हैं। उस दिन अमावस्या की वजह से चंद्रमा दिखाई नहीं देगा और आसमान में अंधेरा होगा। तब C/2022 E3 (ZTF) के दिखने की प्रबल संभावना है।
-
वैज्ञानिकों को शुरुआत में लगा था कि यह कोई एस्टरॉयड है। ऐसा इसलिए क्योंकि तब यह बृहस्पति की कक्षा के अंदर था। लेकिन जल्द यह धूमकेतुओं की तरह चमकने लगा। जैसाकि इस धूमकेतु के नाम से भी पता चलता है C/2022 E3 (ZTF) को वैज्ञानिकों ने पिछले साल ही खोजा है। पुरापाषाण काल के इंसानों को भी इस धूमकेतु के बारे में पता नहीं रहा होगा।