वजन घटाने की बात आते ही अक्सर लोग रोटी, चावल और अपनी पसंदीदा चीजों से दूरी बना लेते हैं. सोशल मीडिया पर भी कई तरह के डाइट ट्रेंड्स देखने को मिलते हैं, जिनमें महंगे सलाद, विदेशी खाना और मुश्किल नियम शामिल होते हैं. लेकिन एक फिटनेस कंटेंट क्रिएटर ने अपनी कहानी से इस सोच को चुनौती दी है. फिटनेस इंफ्लुएंसर रितम के मुताबिक, उन्होंने किसी मुश्किल या महंगी डाइट की बजाय रोजाना एक जैसी देसी मील खाकर और रेग्युलर वर्कआउट के जरिए 26 किलो वजन कम किया है.
नाश्ते में प्रोटीन, दिनभर के लिए मजबूत शुरुआत (Protein-rich breakfast)
रितम के अनुसार, उनका दिन हमेशा प्रोटीन से भरपूर नाश्ते के साथ शुरू होता है. वह हर सुबह प्रोटीन बाउल खाती हैं ताकि दिन की शुरुआत ही पर्याप्त पोषण के साथ हो सके. उनका मानना है कि सुबह प्रोटीन लेने से शरीर को एनर्जी मिलती है और दिनभर अनहेल्दी स्नैकिंग की जरूरत कम महसूस होती है.
लंच में चिकन, चावल और सब्जियां (Lunch Plan)
दोपहर के भोजन में रितम रोजाना चिकन, चावल और सब्जियां खाती हैं. खास बात यह है कि उन्होंने दो साल तक लगभग यही भोजन खाया. उनका कहना है कि बार-बार अलग-अलग भोजन सोचने की बजाय एक बैलेंस्ड मील पर टिके रहना उनके लिए ज्यादा आसान और बेहतर साबित हुआ.
रात में रोटी छोड़ने की नहीं, खाने की सलाह (Dinner Plan)
वजन घटाने के लिए अक्सर लोगों को रोटी और कार्बोहाइड्रेट कम करने की सलाह दी जाती है. लेकिन रितम का अनुभव इससे अलग रहा. रात के खाने में वह चिकन कीमा, रोटी और सलाद खाती थीं. उनका कहना है कि उन्होंने रोज रोटी खाते हुए 26 किलो वजन कम किया, जिससे यह साबित होता है कि वजन घटाने के लिए जरूरी नहीं कि देसी भोजन को पूरी तरह छोड़ा जाए.
डार्क चॉकलेट भी थी डाइट का हिस्सा (Dark Chocolate)
रितम ने बताया कि वह हर रात एक टुकड़ा डार्क चॉकलेट भी खाती थीं. उनके मुताबिक, वजन घटाने की प्रक्रिया इतनी सख्त नहीं होनी चाहिए कि व्यक्ति मेंटली परेशान हो जाए. छोटी-छोटी पसंदीदा चीजों को डाइट में शामिल रखने से लंबे समय तक अनुशासन बनाए रखना आसान हो जाता है.
दो साल तक फॉलो किया एक प्लान (Fitness Plan)
रितम की सफलता का सबसे बड़ा राज उनकी निरंतरता रही. उन्होंने दो सालों तक इसी भोजन और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को रेग्युलरली फॉलो किया. रितम का मानना है कि फिटनेस हासिल करने के लिए हर दिन नई डाइट की जरूरत नहीं होती. असली सफलता निरंतरता, बैलेंस्ड डाइट और धैर्य में छिपी होती है. उनका साफ कहना है कि वजन घटाने के लिए महंगे डाइट प्लान नहीं, बल्कि लगातार सही आदतें अपनाना ज्यादा जरूरी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली की लड़की ने खुद पर ही किया 30 दिन का एक्सपेरिमेंट, बदली खाने की एक आदत, सुधर गई सेहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं